गर्मी में शरीर में पानी की कमी बन सकती है खतरनाक, सिरदर्द-चक्कर से बचने के उपाय जानें

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ समेत आसपास के कई जिलों में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। मेरठ में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चिलचिलाती धूप और लू के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है। इस भीषण गर्मी में अस्पतालों और डॉक्टरों के पास सिर दर्द की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक एक्सपर्ट डॉक्टर नवरत्न गुप्ता ने इस गंभीर समस्या को लेकर कुछ बेहद जरूरी सलाह दी है।
सिर दर्द और बीमारियों से बचाएगा एक उपाय
डॉक्टर नवरत्न गुप्ता का कहना है कि मानव शरीर के लिए पानी सबसे जरूरी चीज है। गर्मी के इस मौसम में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर किसी को थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहना चाहिए। आजकल जो हीट स्ट्रोक का खतरा मंडरा रहा है उससे बचने का सबसे बड़ा और आसान उपाय सिर्फ पानी ही है। डॉक्टर का कहना है कि अगर लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीना शुरू कर दें तो गर्मी में होने वाली आधी से ज्यादा बीमारियों के लिए दवाइयों की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। जो लोग लगातार सिर दर्द से परेशान हैं और पेनकिलर खा रहे हैं उन्हें बस हमेशा पानी की बोतल साथ रखनी चाहिए। शरीर में पानी की कमी पूरी होते ही सिर दर्द से अपने आप राहत मिल जाएगी।
पानी के अलावा इन लिक्विड चीजों का भी करें इस्तेमाल
डॉक्टर के अनुसार घर के अंदर हों या बाहर निकलें हमेशा साफ और सादा पानी साथ रखें। इसके अलावा शरीर में ऊर्जा और ताजगी बनाए रखने के लिए कुछ और चीजें भी डाइट में शामिल की जा सकती हैं। ग्लूकोज या ग्लूकोन डी धूप में खोई हुई एनर्जी को तुरंत वापस लाने में बेहद मददगार है। घर में नींबू उपलब्ध हो तो शिकंजी बनाकर पिएं क्योंकि नींबू पेट के बैक्टीरिया और इन्फेक्शन से राहत दिलाता है। नारियल पानी या घर के बने ताजे फलों का जूस शरीर को अंदर से ठंडा रखने में बहुत कारगर है।
खान-पान का रखें विशेष ध्यान, बाहर के खाने से बनाएं दूरी
पानी के साथ-साथ इस मौसम में खान-पान पर नियंत्रण रखना भी उतना ही जरूरी है। डॉक्टर गुप्ता ने सख्त हिदायत दी है कि गर्मी के इन दिनों में बाहर का तला-भुना, मसालेदार या जंक फूड बिल्कुल न खाएं। धूप और अधिक तापमान में ऐसा खाना पेट को खराब कर देता है और शरीर को भारी नुकसान पहुंचाता है। इन दिनों सादा और आसानी से पचने वाला भोजन ही करें। अगर इन उपायों के बाद भी सिर दर्द या उल्टी-दस्त जैसी समस्या बढ़ती है तो खुद डॉक्टर बनने की कोशिश करने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क करें।









