Popup Image

देश में 61% लोग बिना डॉक्टर की सलाह के ले रहे दवाएं

सिरदर्द, बुखार या सर्दी-खांसी होने पर कई लोग डॉक्टर के पास जाने के बजाय सीधे मेडिकल स्टोर से दवा लेकर सेवन कर लेते हैं। छोटी-मोटी परेशानी समझकर खुद ही इलाज करने की यह आदत अब चिंता का विषय बनती जा रही है। एक हालिया रिसर्च में भारत में सेल्फ-मेडिकेशन यानी बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने को लेकर कई अहम आंकड़े सामने आए हैं।

Advertisement

रिसर्च के मुताबिक, भारत में करीब 61.1 फीसदी लोग बिना डॉक्टर की सलाह या प्रिस्क्रिप्शन के दवाएं ले रहे हैं। युवाओं और छात्रों में यह प्रवृत्ति अधिक देखने को मिली है। वहीं, मध्यप्रदेश में सेल्फ-मेडिकेशन का आंकड़ा 68 फीसदी बताया गया है, जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है।

किन आंकड़ों के आधार पर सामने आई यह रिसर्च?

Advertisement

एक रिसर्च में देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में किए गए 145 अध्ययनों का विश्लेषण किया गया। इसमें 23 राज्यों और 76 से अधिक शहरों के अध्ययन शामिल थे। इन शोधों में कुल 69,876 लोगों के दवा इस्तेमाल से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। इस व्यापक समीक्षा के जरिए लोगों की दवा लेने की आदतों, बिना चिकित्सकीय सलाह दवा इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति और इससे जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को समझने की कोशिश की गई।

युवाओं और छात्रों में सबसे ज्यादा सेल्फ-मेडिकेशन

Advertisement

रिसर्च में सामने आया कि बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने की आदत युवाओं और छात्रों में ज्यादा देखने को मिल रही है। इस समूह में सेल्फ-मेडिकेशन का आंकड़ा करीब 74 फीसदी तक पहुंच गया है। लोग अक्सर सामान्य लक्षणों के लिए पुरानी दवाएं, इंटरनेट पर मिली जानकारी या मेडिकल स्टोर की सलाह के आधार पर दवा ले लेते हैं। कई बार इससे बीमारी के वास्तविक कारण का पता लगाने में देरी भी हो सकती है।

रिसर्च में इस बदलाव के पीछे अस्पतालों में संक्रमण का डर, डॉक्टरों तक पहुंचने में परेशानी और सामान्य लक्षणों को हल्के में लेने जैसे कारणों का उल्लेख किया गया है।

बिना डॉक्टर की सलाह दवा लेने से क्या हो सकता है नुकसान?

बिना उचित जांच के दवाएं लेना कई बार गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है। खासतौर पर एंटीबायोटिक्स, पेनकिलर और अन्य दवाओं का गलत इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

  • एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस: एंटीबायोटिक्स का गलत या अनावश्यक इस्तेमाल बैक्टीरिया में दवा के प्रति प्रतिरोध पैदा कर सकता है, जिससे भविष्य में संक्रमण का इलाज मुश्किल हो सकता है।
  • लिवर और किडनी पर असर: गलत मात्रा या लंबे समय तक कुछ दवाओं का सेवन शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है।
  • दवाओं का रिएक्शन: एक साथ कई दवाएं लेने से उनके बीच प्रतिक्रिया हो सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ सकती है।
  • बीमारी की पहचान में देरी: दवा से लक्षण दब जाने पर बीमारी के वास्तविक कारण का पता लगाने में देरी हो सकती है।

मेडिकल स्टोर से सीधे दवा लेने पर नियंत्रण की सिफारिश

रिसर्च में दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल को रोकने के लिए मेडिकल स्टोर पर बिना पर्चे वाली दवाओं की बिक्री से जुड़े नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करने और टेलीमेडिसिन सेवाओं को बढ़ावा देने की सिफारिश की गई है। सामान्य लक्षणों के लिए भी दवा लेने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है, खासकर जब लक्षण लंबे समय तक बने रहें या बार-बार सामने आएं।

यह भी पढ़े: अनन्या पांडे ने कराया लिम्फैटिक ड्रेनेज, जानें क्या है यह मसाज

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें