डिजिटल जनगणना : घर बैठे दर्ज करें परिवार की जानकारी, 30 तक मौका

उज्जैन। देश की पहली पूर्णत: डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना की प्रक्रिया जिले में तेजी से जारी है। इस बार नागरिकों की सुविधा के लिए शासन ने स्व-गणना का विकल्प दिया है, जिससे लोग घर बैठे ही सुरक्षित तरीके से अपनी जानकारी ऑनलाइन अपडेट कर रहे हैं। 30 अप्रैल तक लोग यह जानकारी अपलोड कर सकते हैं। फ्रीगंज निवासी और कंप्यूटर विशेषज्ञ चेतन जोशी ने व्यस्त कामकाज के बीच पोर्टल पर जानकारी दर्ज की। उन्होंने बताया प्रक्रिया आसान है और इसमें काफी कम समय लगता है।

कैसे करें स्व-गणना- मोबाइल या कम्प्यूटर के ब्राउजऱ में https://se.census.gov.in टाइप करें। मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से वेरिफिकेशन करें। पसंद की भाषा चुनें और मैप पर अपने घर का पता मार्क करें। फॉर्म में पूछे गए 33 प्रश्नों के उत्तर दें (इसमें घर की सुविधाएं और परिवार के सदस्यों की सामान्य जानकारी शामिल है)। जानकारी का प्रीव्यू चैक करें और सबमिट बटन दबाएं। सबमिट करने के बाद प्राप्त एसई आईडी को सुरक्षित रखें। जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें केवल यह आईडी दिखा दें।









