अनाज खरीदने को लेकर मारपीट में व्यापारी की मौत, आरोपी फरार

हत्या का केस दर्ज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन जिले की बडऩगर तहसील में दो अनाज व्यापारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई जिसमें 65 वर्षीय अनाज कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने मारपीट करने वाले व्यापारियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल वह फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि मृतक राजेंद्र कुमार उर्फ राजू पिता सौभागमल लोडा निवासी व्यास कॉलोनी अनाज व्यापारी थे। तुलसी वेयर हाउस के पास उनकी अनाज खरीदने की दुकान है। उनकी दुकान के पास ही नीलेश शाह निवासी सदर और आदर्श पिता नीलेश शाह निवासी ग्राम पलदूना, इंगोरिया की भी अनाज खरीदने की दुकान है।
शुक्रवार सुबह करीब 9.15 बजे ग्राहक से अनाज खरीदने की बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। यह इतना बढ़ा कि नीलेश और आदर्श शाह ने राजेंद्र कुमार को लात-घूंसों से जमकर पीटा। छाती में चोट लगने के कारण राजेंद्र कुमार वहीं गिर गए जिन्हें बडऩगर के ही रहने वाले विनोद भाटी तत्काल गुप्ता हॉस्पिटल ले गए जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बॉडी को सिविल हॉस्पिटल लाया गया जहां डॉक्टरों की पैनल ने पोस्टमार्टम किया। मामले में पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दोनों बडऩगर के प्रतिष्ठित परिवार
टीआई पाटीदार के मुताबिक मृतक राजेंद्र कुमार और आरोपी दोनों ही बडऩगर क्षेत्र के प्रतिष्ठित और संपन्न परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।









