अमेरिका में मस्जिद पर हमला, 5 की मौत, नफरत की आशंका

अमेरिका के सैन डिएगो शहर में स्थित एक मस्जिद में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक सिक्योरिटी गार्ड और दो संदिग्ध भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों संदिग्धों की उम्र नाबालिग बताई जा रही है, जिनमें एक 17 साल का और दूसरा 19 साल का था। दोनों के शव मस्जिद के पास खड़े एक वाहन में मिले। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने खुद को गोली मारकर अपनी जान दी।
इस घटना को लेकर जांच एजेंसियां हेट क्राइम के एंगल से भी जांच कर रही हैं, हालांकि अभी तक हमले के पीछे की असली वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
यह वारदात इस्लामिक सेंटर ऑफ सैन डिएगो में हुई, जिसे सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिदों में से एक माना जाता है। इसी परिसर में एक स्कूल भी संचालित होता है, जहां बच्चों को अरबी भाषा, इस्लामिक स्टडीज और कुरान की शिक्षा दी जाती है।
चल रहा था दौरा
घटना के समय मस्जिद में गैर-मुस्लिम लोगों का एक समूह भी मौजूद था, जो इस्लाम धर्म को करीब से समझने और जानने के उद्देश्य से दौरे पर आया था। मस्जिद प्रशासन के मुताबिक, यह सेंटर अलग-अलग समुदायों के बीच आपसी समझ और सौहार्द बढ़ाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
मस्जिद के इमाम ताहा हस्साने ने बताया कि घटना के दौरान स्कूल में मौजूद सभी छात्र और शिक्षक पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों से मस्जिद परिसर से दूर रहने की अपील की गई है। एहतियात के तौर पर पूरे सेंटर को दिनभर के लिए बंद रखा गया।
मस्जिद की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यहां केवल धार्मिक गतिविधियां ही नहीं होतीं, बल्कि सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों में भी विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ मिलकर काम किया जाता है। परिसर में रोजाना पांच वक्त की नमाज अदा की जाती है।









