उज्जैन उत्तर विधायक कालूहेड़ा ने मांगा महाकालेश्वर मंदिर की संपत्ति का ब्योरा

मंत्री का जवाब- जानकारी एकत्र करवा रहे हैं
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने श्री महाकालेश्वर मंदिर की संपत्ति का ब्योरा मांगा है। विधानसभा में अतारांकित सवाल के जरिए उन्होंने मंदिर से जुड़े कई मामलों की जानकारी मांगी है। धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्रसिंह लोधी ने अपने जवाब में बताया है कि चाही गई जानकारी एकत्र करवा रहे हैं। विधायक के सवाल पूछे जाने को राजनैतिक तौर पर घेराबंदी की तैयारी माना जा रहा है।
दरअसल महाकाल मंदिर विधायक कालूहेड़ा के विधानसभा क्षेत्र में आता है। पिछले पांच साल में मंदिर में आमूलचूल परिवर्तन हुए हैं। श्री महाकाल लोक बनने के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्डतोड़ हो चली है। साल भर में ५ करोड़ से ज्यादा श्रद्धाल दर्शन के लिए आ रहे हैं। ऐसे में मंदिर में दान और लड्डू-प्रसादी का विक्रय भी खूब बढ़ा है। नकदी के अलावा भक्त बाबा के दरबार में सोना-चांदी भी जमकर चढ़ा रहे हैं। सालाना 100 करोड़ से ज्यादा की आय वाले मंदिर की व्यवस्था पर हो रहे खर्च, चल-अचल संपत्ति को लेकर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने सवाल उठाया है। 26 फरवरी को ही उन्होंने धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक ने क्या-क्या पूछा
मंदिर के नाम पर प्रदेश व प्रदेश के बाहर कितनी कृषि, व्यावसायिक एवं आवासीय भूमि दर्ज है?
वर्तमान में मंदिर की कुल चल-अचल संपत्ति कितनी है?
संपत्तियों का उपयोग किस प्रकार और किनके द्वारा किया जा रहा है?
इन संपत्तियों का भौतिक सत्यापन कब-कब हुआ?
क्या दर्शनार्थियों को महाकाल मंदिर में किए दान की पावती दी जाती है? यदि नहीं तो दान के लेखों का संधारण किस प्रकार किया जाता है।
वित्त वर्ष 2024-25 में आय और मदवार व्यय का पूरा ब्यौरा क्या है?
क्या मंदिर की आय जिला रेडक्रॉस या कलेक्टर के माध्यम से खर्च की जाती है? यदि हां, तो पिछले पांच वर्षों में व्यय किए गए खर्च का ब्योरा दें।
मंदिर एक नजर में
करीब 5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु आते हैं सालभर में।
107 करोड़ रुपए है सालाना है आय मंदिर की
सोना-चांदी भी मिलते हैं दान में।
उज्जैन और आसपास मंदिर के नाम पर है जमीन भी।
सवाल पूछने की जरूरत क्यों पड़ी
कालूहेड़ा भाजपा से विधायक हैं। वह पहली बार ही चुने गए हैं। श्री महाकालेश्वर मंंदिर उनके विधानसभा क्षेत्र उज्जैन उत्तर में ही आता है। राजनैतिक जानकारों के अनुसार अपने विधानसभा क्षेत्र में आने वाले मंदिर में ही उनके और उनके समर्थकों को तवज्जो नहीं मिलती। ऐसे में उन्होंने सवालों के जरिये मंदिर प्रबंधन को घेरने की कोशिश की है।
इस संबंध में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंंदिर विश्व प्रसिद्ध है। करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र मंदिर की पारदर्शिता वाली जानकारी सभी को होनी चाहिए। इसीलिए सवाल पूछा है।
विधायक के प्रश्न का धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने जवाब देते हुए कहा कि जानकारी एकत्रित की जा रही है।










