एयरफोर्स अफसर की पत्नी से रेप, धर्म परिवर्तन की कोशिश

नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व सहपाठी अय्याज ताज मदारे पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सामने आए एक वीडियो में आरोपी महिला के साथ धार्मिक अनुष्ठान कराता दिखाई दे रहा है, जबकि महिला विरोध करती और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती नजर आती है।

भूखंड खरीदने के बहाने संपर्क, फिर होटल में बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति भारतीय वायुसेना में अधिकारी है और वर्तमान में दूसरे शहर में तैनात है। वह स्वयं संपत्ति के कारोबार से जुड़ी हुई है। शिकायत के अनुसार फरवरी 2025 में उसके स्कूल के पुराने सहपाठी अय्याज ताज मदारे ने भूखंड खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था।
आरोप है कि आरोपी ने उसे एक होटल में बुलाया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बनाए गए। बाद में इन्हीं सामग्रियों के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया और उससे करीब चार लाख रुपए वसूले गए।
धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 31 मई को उसे जबरन नागपुर के समीप कलमेश्वर क्षेत्र ले जाया गया। वहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र से आए एक मौलाना ने धार्मिक अनुष्ठान कराए और उससे ‘कबूल है’ कहलवाया गया।
महिला ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी उसे एक बोतल से कोई तरल पदार्थ पिलाता था, फिर उर्दू में कुछ पढ़कर उसके चेहरे पर फूंक मारता था। आरोपी इसे सम्मोहन या काला जादू जैसी प्रक्रिया बताता था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया जाता था।
वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला के हाथ पकड़कर धार्मिक मंत्र पढ़ता दिखाई देता है। वीडियो में महिला लगातार विरोध करते हुए हाथ छोड़ने और उसे मुक्त करने की बात कहती सुनाई देती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, बार-बार यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्म परिवर्तन तथा महाराष्ट्र अंधश्रद्धा और काला जादू विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच के तहत पुलिस ने संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं और उनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









