जनसुनवाई : शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की पहुंची शिकायत

उज्जैन। मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन सभाकक्ष में हुई जनसुनवाई में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मसले पहुंचे। कलेक्टर की अनुपस्थिति में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट ने सुनवाई की।
मामला 1- खाचरौद के बड़ागांव के रामाजी ने बताया कि पशु विश्राम की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 2020 पर कतिपय अतिक्रमण कर्ताओं ने कब्जा कर लिया है। तहसील में शिकायत के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया है।
निर्देश- एसडीएम को प्रकरण की जांच का कहा गया।
मामला 2- बडऩगर तहसील के खरसौदखुर्द की शांताबाई ने बताया कि पति रमेश की मौत हो चुकी है। संबल योजना की अनुग्रह सहायता नहीं मिली है। सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई है।
निर्देश- श्रम विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए ।
मामला 3- वेदनगर के आयुष शर्मा ने दिव्यांग कोटे से आईटीआई में प्रवेश दिलाने की मांग की। वे 42 प्रतिशत दिव्यांग हैं। दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र भी उन्होंने संलग्न किया है।
निर्देश- आईटीआई प्राचार्य को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मामला 4- भाटपचलाना के दिनेश शर्मा ने उनकी दुकान के पीछे अवैध कब्जा करने की शिकायत की।
निर्देश- एसडीएम बडऩगर को कार्रवाई का कहा है।
अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने भी जनसुनवाई की।









