क्या है साइबरडेक? नया गैजेट क्यों बन रहा है Gen Z की पहली पसंद, जानें वजह

एक हैकर हाथ में छोटा सा कंप्यूटर लेता है, केबल से बड़े सिस्टम से जोड़ता है और चंद सेकंड में पूरा नेटवर्क उसके कब्जे में होता है। साइंस-फिक्शन फिल्मों का यह मशहूर सीन अब सिर्फ परदे तक सीमित नहीं रहा। जिस छोटे कंप्यूटर की बात यहां हो रही है उसे साइबरडेक कहते हैं और यह एक बार फिर जबरदस्त ट्रेंड में आ गया है। आइए जानते हैं साइबरडेक की पूरी कहानी और यह भी कि यह गैजेट आज फिर इतना लोकप्रिय क्यों हो रहा है।
आखिर क्या होता है Cyberdeck?
साइबरडेक एक कस्टम-बिल्ट पोर्टेबल कंप्यूटर है जिसे यूजर अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से खुद तैयार करता है। इसकी डिजाइन साइबरपंक थीम से प्रेरित होती है जो एक हाई-टेक लेकिन कठिन भविष्य की झलक दिखाती है। आम लैपटॉप के मुकाबले साइबरडेक काफी छोटा और हल्का होता है।
यह कंप्यूटर बनी-बनाई फॉर्म में नहीं आता बल्कि इसे अलग-अलग कंपोनेंट जोड़कर तैयार किया जाता है। स्क्रीन, कीबोर्ड, बैटरी, USB पोर्ट, प्रोसेसर और दूसरे हार्डवेयर को अपनी जरूरत के हिसाब से जोड़ना पड़ता है। यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है और इसके लिए तकनीकी जानकारी होना जरूरी है। ज्यादातर साइबरडेक Raspberry Pi जैसे सिंगल बोर्ड कंप्यूटर पर बेस्ड होते हैं जिनका साइज इतना छोटा होता है कि जेब में भी आसानी से समा जाएं।
Cyberpunk दुनिया से निकला यह आइडिया
साइबरडेक शब्द पहली बार 1984 में विलियम गिब्सन के चर्चित साइंस फिक्शन उपन्यास न्यूरोमैंसर में सामने आया था। कहानी का मुख्य किरदार एक खास पोर्टेबल कंप्यूटर डिवाइस की मदद से वर्चुअल दुनिया में प्रवेश करता है। इसके बाद साइंस फिक्शन फिल्मों, किताबों और वीडियो गेम्स में ऐसे पोर्टेबल हैकर कंप्यूटर बार-बार नजर आने लगे। धीरे-धीरे तकनीक प्रेमियों ने इन्हें असली दुनिया में बनाने की कोशिश शुरू कर दी और यह कोशिश आज एक बड़े ट्रेंड में बदल चुकी है।
Cyberdeck का इस्तेमाल कहां होता है?
असल दुनिया में साइबरडेक केवल दिखावे की चीज नहीं है बल्कि इसका इस्तेमाल कई जरूरी कामों में होता है। प्रोग्रामर इसे कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के लिए इस्तेमाल करते हैं। साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञ Wi-Fi स्कैनिंग, नेटवर्क टेस्टिंग और दूसरे सुरक्षा परीक्षणों के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा नोट्स लिखने, रिसर्च करने और सामान्य कंप्यूटिंग जैसे रोजमर्रा के कामों में भी यह पूरी तरह उपयोगी है।
Gen Z को क्यों पसंद आ रहा है Cyberdeck?
Gen Z के लिए साइबरडेक सिर्फ एक गैजेट नहीं बल्कि अपनी तकनीकी काबिलियत दुनिया को दिखाने का एक अनोखा जरिया बन गया है। कई युवा घरेलू सामान और बेहद कम लागत में अपनी पसंद का अनोखा कंप्यूटर तैयार कर रहे हैं। कई कंटेंट क्रिएटर्स साइबरडेक बनाकर बेच रहे हैं और यह उनकी कमाई का एक नया और मजबूत जरिया बन चुका है।
सोशल मीडिया पर साइबरडेक बनाने के वीडियो लाखों बार देखे जा रहे हैं। कई यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर इस ट्रेंड को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। Reddit पर भी साइबरडेक समुदाय तेजी से फैल रहा है। दरअसल लोग कंपनियों के एक जैसे उबाऊ लैपटॉप से थक चुके हैं और अब कबाड़ या सस्ते पुर्जों से अपना खुद का एकदम अनोखा कंप्यूटर बनाना उन्हें ज्यादा रोमांचक और संतोषजनक लगता है।









