गोलीकांड आरोपी अनमोल गुर्जर के 6 मददगार गिरफ्त में आए

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। देवासगेट थाना क्षेत्र के हीरामिल की चाल ब्रिज के नीचे 14 अप्रैल की रात हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस ने बदमाश अनमोल गुर्जर को फरार कराने और उसे संरक्षण देने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया है। घटना के दिन विष्णुपुरा निवासी लव पर जानलेवा हमला किया गया था, उसके दोनों पैरों में गोली मारी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी जय उर्फ बच्चा चौहान को कट्टे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि इस कांड में अनमोल गुर्जर और विकास सिरोलिया भी शामिल थे।

विकास की निशानदेही पर खुले मददगारों के नाम: पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी विकास सिरोलिया (छोटी मायापुरी) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। रिमांड के दौरान विकास ने उन चेहरों को बेनकाब किया जो अनमोल गुर्जर को पुलिस से बचाने और शहर से बाहर भगाने में मदद कर रहे थे। विकास से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रविवार शाम पांच अन्य युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस अभिरक्षा में लिए गए आरोपियों में नवनीत नायक (जयसिंहपुरा), यशवंत उर्फ यश कौशल (नानाखेड़ा), जतिन सूर्यवंशी (महाकाल मार्ग), प्रीतम ठाकुर (ढांचा भवन) और युवती शीतल (संजय नगर) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पल्सर बाइक और सुजुकी एक्सेस गाड़ी बरामद की है, जिनका उपयोग आरोपी को फरार करने में किया गया था।









