जबलपुर में बड़ा हादसा : पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 9 की मौत, कई लापता

मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और बारिश के बीच मध्यप्रदेश टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया। देखते ही देखते क्रूज पानी में समा गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

9 मौतें, कई अब भी लापता
अब तक इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 9 से 10 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। शुरुआती रेस्क्यू में करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। प्रशासन को आशंका है कि क्रूज में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
300 मीटर अंदर हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम किनारे से करीब 300 मीटर अंदर हुआ, जहां तेज हवाओं और बारिश के चलते क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया।
लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
गुरुवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसमें कई शव निकाले गए। शुक्रवार सुबह से National Disaster Response Force (NDRF) और State Disaster Response Force (SDRF) की टीमें फिर से सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।
क्रूज को बाहर निकालने के लिए क्रेन, रस्सियों और हाइड्रोलिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पोकलेन मशीन और भारी उपकरणों की मदद से क्रूज तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक पूरी सफलता नहीं मिल सकी है।
बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की संख्या को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।








