सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अग्रवाल ने संभाला कामकाज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े

उज्जैन। सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश अग्रवाल ने मंगलवार को शुभ मुहूर्त में पद संभाल लिया। सीएम डॉ. मोहन यादव वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। सुबह करीब 11 बजे कोठी रोड स्थित मेला कार्यालय भवन की पहली मंजिल पर बने अपने कक्ष में पहुंचे अग्रवाल का स्वागत संभागायुक्त आशीषसिंह, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बुके देकर किया।
अमूमन हॉफ शर्ट और पेंट पहनने वाले अग्रवाल ने पदभार के लिए खास तौर पर सफेद कुर्ता-पाजामा और बेबी पिंक कलर की जैकेट पहन रखी थी। गले में जय महाकाल का दुपट्टा था। सिर पर छीटेंदार पीली पगड़ी पहने अग्रवाल के साथ महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन (डॉक्टर), एससी आयोग सदस्य रामलाल मालवीय, यूडीए उपाध्यक्ष मुकेश यादव, महंत डॉ. रामेश्वरदास सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। अग्रवाल के साथ पत्नी कुसुम, बेटा रितेश (राजा) और पुत्री डॉ. नमिता अग्रवाल भी पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान जमकर ढोल बजाए गए और लोग खूब नाचे भी।
मेला कार्यालय में हादसा- पदभार ग्रहण समारोह से पहले मेला कार्यालय में हादसा भी हुआ। यहां जनरेटर का कनेक्शन जोड़ रहे वायरमैन को एक वैन ने टक्कर मार दी। हालांकि वायरमैन को ज्यादा चोट नहीं आई।








