जहां सरिये डले हैं, वहां लोगों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करें

अक्षरविश्व की खबर का असर : नगर निगम के लोक निर्माण प्रभारी ने इंजीनियरों को चेताया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम के निर्माण कार्य में सुरक्षा मापदंड की अनदेखी से नागरिकों की खतरे में पड़ती जान की लोक निर्माण प्रभारी शिवेंद्र तिवारी ने सुध ली है। मंगलवार को उन्होंने मीटिंग की और इंजीनियरों को चेताया कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा मापदंड और टेंडर शर्तों का पालन हर हाल में करें।
जहां-जहां नाले-नाली बनाने के लिए सरिये डाले गए हैं, वहां लोगों को घरों तक पहुंचाने के लिए अलग से संसाधन लगाएं। गौरतलब है कि देसाई नगर में सुरक्षा मापदंडों की अनदेखी के कारण एक महिला की जान पर बन आई है। वह नाला निर्माण के लिए लगाए गए सरियों पर गिरकर चोटिल हो गई थी।
गंभीर हालत में उनका उपचार जारी है। अक्षरविश्व में मौत का जाल शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद लोक निर्माण समिति प्रभारी शिवेंद्र तिवारी ने इंजीनियरों को तलब किया और उन्हें सुरक्षा के सारे मापदंडों का पालन करने की चेतावनी दी। तिवारी ने कहा कि निर्माण एजेंसियां अपनी-अपनी साइट पर सुरक्षा मापदंडों का पालन करें।
यह निर्देश दिए
सुरक्षा के अनिवार्य मानक का पालन सुनिश्चित करें।
साइट इंजीनियर वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के निर्देशों एवं टेंडर की शर्तों के मुताबिक संबंधित ठेकेदार से कार्य कराएं।
नाले-नालियों के निर्माण समय-सीमा में, गुणवत्ता से करवाएं।
जहां-जहां पर भी नाली-नाले बन रहे हैं वहां के रहवासियों के घरों तक पहुंचाने के लिए संसाधनों की व्यवस्था करें।
अभी नाली-नाले के निर्माण के लिए जहां सरिये डाले गए हैं वहां शीघ्र ही काम पूरा करें।
जब एक काम पूरा हो जाए या होने लगे तो उसके बाद ही आगे का काम प्रारंभ करें।









