पति को आत्महत्या के लिए उकसाने वाली पत्नी गिरफ्तार, कोर्ट ने जेल भेजा

2 वर्ष से चिमनगंज मंडी पुलिस को थी तलाश, पांच हजार का इनाम भी था
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। प्रेमी के साथ मिलकर पति को आत्महत्या के लिए उकसाने वाली पत्नी को चिमनगंज मंडी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्त में ले लिया। उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया। वह दो साल से फरार थी जिस पर पांच हजार रुपए का इनाम भी था। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जो वर्तमान में जेल में है।
चिमनगंज मंडी पुलिस ने बताया कि 18 जुलाई 2023 को सूचनाकर्ता सोनू पिता सालगराम सोनगरा निवासी संजयनगर ने सूचना दी थी कि कमल (परिवर्तित नाम) निवासी खिलचीपुर ने अपने किराए के मकान में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग काम किया। साक्षियों के कथन व जांच से पता चला कि मृतक की पत्नी के सोनू सोनगरा के साथ अवैध संबंध थे जिसकी जानकारी मृतक को हो गई थी।
इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था जिससे उसका पति मानसिक रूप से परेशान रहता था। मृतक की पत्नी और सोनू ने ही उसे आत्महत्या के लिए उकसाया था जिसके बाद उसे फांसी लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पूर्व में पुलिस ने आरोपी सोनू सोनगरा को गिरफ्तार किया था जो वर्तमान में जेल में है, जबकि महिला फरार थी। जिस पर एसपी ने 5 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र के आधार पर फरार महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









