सडक़ पर पानी ही पानी और घरों में किल्लत

उद्यन मार्ग पर रहने वाले अफसरों के घर नहीं पहुंच पा रहा पेयजल, टैंकर से चला रहे काम

फूटी पाइप लाइन से गंदे पानी की समस्या भी
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शहर का वीवीआईपी रोड उद्यन मार्ग। अफसरों और जजों के बंगले। पर यहां जगह-जगह बहता पानी लेकिन फिर भी जलसंकट। दरअसल, पाइप लाइन फूटने से यह इलाका जलसकंट का सामना कर रहा है। इतना ही नहीं फूटी पाइप लाइन के कारण दूषित जल भी प्रदाय हो रहा है। इस इलाके के लोग जलसंकट और गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इन्हें टैंकर का सहारा लेना पड़ रहा है।
उद्यन मार्ग पर एसपी बंगले के पास सामने की कतार से गुजर रही पानी की पाइप लाइन लंबे समय से फूटी पड़ी है। जर्जर पाइप लाइन पहले तो एक-दो जगह ही फूटी थी लेकिन करीब एकसप्ताह से यह कई जगह से फूट गई है। इस कारण यहां सुबह इतना पानी बहता है कि ऐसा लगता है कि नहर शुरू हो गई हो। आलम यह रहता है कि गेट से बहता पानी वन विभाग के कार्यालय के अंदर तक चला जाता है और ऑफिस मार्ग पर कीचड़ हो जाता है।
यहां रहने वाले हाउसिंग बोर्ड के सुनील चौहान बताते हैं कि रहवासी लंबे समय से तिहरी समस्या से जूझ रहे हैं। एक तो फूटी पाइप लाइन के कारण पानी पूरे प्रेशर से नहीं आता। दूसरा लाइन फूटी होने से गंदगी पानी के साथ चली आती है और तीसरा लाइन से बहता पानी घरों के सामने कीचड़ कर देता है। जो पानी आता है वो लाइन फूटी होने के कारण इतना गंदा रहता है कि पेयजल में उपयोग नहीं कर सकते। ऐसे में पानी की पूर्ति के लिए रहवासी टैंकर पर आश्रित हैं और पेयजल के लिए आरओ बोतल मंगवाते हैं।
चौहान का कहना है कि इसके लिए कई बार दमदमा पानी की टंकी पर शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या का हल नहीं निकाला जा रहा है। गौरतलब है कि इस इलाके में वन विभाग कार्यालय के साथ ही वन विभाग, जिला पंचायत, हाउसिंग बोर्ड, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग आदि के वरिष्ठ अधिकारियों के निवास हैं। सभी को पानी की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है।
बहादुरगंज न बन जाए भागीरथपुरा, गंदे बदबूदार पानी की सप्लाई से लोग परेशान
उज्जैन। इंदौर के भागीरथपुरा की तरह बहादुरगंज इलाके में भी दस दिन से गंदा-बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। नलों से आ रहा पानी साफ बता रहा है कि इसमें कहीं न कहीं सीवरेज लाइन कनेक्ट हुुई है। जलजनित बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
पानी से आ रही सडऩ जैसी बदबू छननी भी नाकाम: रहवासियों ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में गंदगी साफ देखी जा सकती है। पानी का रंग न केवल मटमैला है, बल्कि उसमें से सडऩ जैसी दुर्गंध भी आ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि फिल्टर करने के बाद भी पानी उपयोग के लायक नहीं रहता। बार-बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं पेयजल पाइप लाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा है। इसकी जांच करना जरूरी है।
लो-प्रेशर की भी समस्या
गंदगी के साथ-साथ बहादुरगंज के कई हिस्सों में पानी के कम प्रेशर ने भी लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सुबह पानी सप्लाई के समय प्रेशर इतना कम होता है कि लोग अपनी जरूरत भर का पानी भी भर नहीं पा रहे हैं। ऊंचे क्षेत्रों और घरों की ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच रहा है जिससे दैनिक कामों के लिए लोगों को बाहर से खरीदकर या अन्य स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
अधिकारियों को दिए हैं निर्देश
बहादुरगंज क्षेत्र की समस्या गंभीर है। लंबे समय से प्रदूषित पानी की शिकायतें आ रही हैं। अधिकारियों को जांच के लिए कहा है। उद्यन मार्ग की पाइप लाइन दुरुस्त करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जल्दी ही समस्या का समाधान होगा।- प्रकाश शर्मा, अध्यक्ष, जलकार्य समिति









