रंजिश के चलते फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी पकड़ाया

जुलूस निकाला तो कान पकडक़र बोला गुंडागर्दी पाप है, पुलिस हमारी बाप है…

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। देवासगेट थाना क्षेत्र स्थिति हीरामिल की चाल के पुराने सामुदायिक भवन के पास सोमवार रात हुए गोलीकांड में पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाल दिया। इसमें वह लंगड़ाते हुए चलता रहा।
सोमवार को २४ वर्षीय लव पिता चंद्रकांत निर्मल निवासी विष्णुपुरा अपने दोस्तों के साथ शादी में गया था। उसने अपनी बाइक हीरामिल की चाल स्थित पुराने सामुदायिक भवन के पास जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे खड़ी कर दी थी। शादी से लौटते वक्त रात करीब ११ बजे लव अपनी बाइक लेने पहुंचा तभी वहां पहले से मौजूद जय उर्फ बच्चा पिता मंगल चौहान (१८) निवासी शांतिनगर हालमुकाम हीरामिल की चाल ने रंजिश के चलते १२ बोर के कट्टे से फायर कर दिया जिससे लव के दोनों पैरों में गोली लगी जिससे वह गंभीर घायल हो गया। इसके बाद उसके दोस्तों ने उसे चरक अस्पताल पहुंचाया।
लव ने गोली मारने का आरोप अनमोल गुर्जर पर लगाया है। मामले में देवासगेट पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी जय उर्फ बच्चा को गिरफ्तार कर लिया। उसने भागने की कोशिश की जिसमें वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने बाद में उसका जुलूस निकाल दिया। इस दौरान लंगड़ाते हुए चलता रहा और कान पकडक़र कहता रहा कि गुंडागर्दी पाप है, पुलिस हमारी बाप है। इधर, घटना में शामिल अनमोल गुर्जर और एक अन्य अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी जय पर पहले से ६ प्रकरण दर्ज हैं। उसने रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया, इनके बीच क्या रंजिश है, उसका पता लगाया जा रहा है।
पिता भी बदमाश था
एसआई राधेश्याम आवंलिया ने बताया कि गोलीकांड का मुख्य आरोपी जय उर्फ बच्चा का पिता मंगल चौहान भी रिकॉर्डेड बदमाश था। उस पर भी १० से ज्यादा प्रकरण दर्ज हैं। मंगलवार को आरोपी जय उर्फ बच्चा को कोर्ट में पेश किया जहां से दो दिन के रिमांड पर सौंपा है। १६ अप्रैल को रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस उसे दोबारा कोर्ट में पेश करेगी।
रौनक गुर्जर के मकान में आग लगाने के मामले में 13 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
इधर, चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित ढांचा भवन में हिस्ट्रीशीटर रौनक गुर्जर के मकान में आग लगाने वाले १३ नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में यशवेंद्र उर्फ छिंगु बुंदेला निवासी मोहननगर, किशोर पटेल निवासी चिंतामण, मोहित पटेल निवासी फाजलपुरा, अमन उर्फ बच्चा निवासी चिमनगंज मंडी, बबलू ठाकुर निवासी चिमनगंज मंडी, ओम उर्फ बच्चा निवासी चिमनगंज मंडी, चीनू मराठा निवासी चिमनगंज मंडी, निखिलेश उर्फ निक्कू मराठा निवासी चिमनगंज मंडी, राहुल उर्फ भय्यू गौहर निवासी चिमनगंज मंडी, निक्कू गौहर निवासी चिमनगंज मंडी, आशुतोष उर्फ आशु निवासी चिमनगंज मंडी, राहुल उर्फ सूर्या सूर्यवंशी निवासी चिमनगंज मंडी और कमल उर्फ आकाश पिता संतोष परमार निवासी निजातपुरा शामिल हैं। मामले में पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे और पहचान कर कमल परमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार करते अन्य आरोपियों के नामों की पुष्टि की। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
5 बाइक पर आए थे 13 बदमाश
फरियादी फरियादी मनोहर सिंह गुर्जर ने पुलिस को बताया था कि उसके बेटे रौनक गुर्जर एवं रोशन गुर्जर अलग-अलग मकानों में रहते हैं। ११ अप्रैल की रात रौनक गुर्जर के मकान पर अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखे तो पता चला कि करीब १3 व्यक्ति 5 दोपहिया वाहनों पर आए थे। उन्होंने पहले रैकी की फिर घटना को अंजाम दिया। फरियानी ने उक्त सीसीटीवी फुटेज मोबाइल में रिकॉर्ड कर रौनक गुर्जर को भेजी जिसने 13 आरोपियों की पहचान की।









