बेटे के शराब पीकर आने से विवाद
पिता ने किए चाकू से 25 से 30 वार , घायल युवक को उपचार के लिए किया इंदौर रैफर
पुलिस थाने आकर बोला- बेटे ने हमला किया था आत्मरक्षा में मारना पड़ा
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:माधव नगर थाना क्षेत्र के ऋषिनगर कॉलोनी में रहने वाले 71 वर्षीय सेवानिवृत्त क्लर्क ने शराब के नशे में घर आने पर 40 वर्षीय बेटे पर चाकुओं से प्राणघातक हमला कर दिया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस ने गंभीर घायल अवस्था में बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने उसे इंदौर रैफर कर दिया। घटना के बाद हमलावर पिता स्वयं माधव नगर थाने पहुंचा और बोला कि बेटे ने उसे पर हमला किया था आत्मरक्षा में उसे चाकू मारना पड़ा।
टीआई योगेंद्र यादव ने बताया घटना रात करीब 10 बजे की है। 17/50 ऋ षिनगर के रहने वाले अशोक शर्मा पिता सुंदरलाल शर्मा ने घर में शराब पीकर आए बेटे से विवाद होने पर चाकू से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रैफर कर दिया।
पुलिस ने घायल विनित के बयान भी दर्ज किए जिसमें उसने बताया कि वह रोजाना की तरह घर पहुंचा तो पिता अशोक शर्मा चिल्लाने लगे और बोले कि शराब पीकर घर में क्यो आया है। वह चुपचाप अपने कमरे में जाने लगा तो पिता ने थप्पड़ मार दिया। विरोध किया तो टेबल पर रखे चाकू से हमला कर दिया। अशोक ने अपने बेटे को करीब 25 से 30 वार किए और बोला कि जान से खत्म कर दूंगा।
पिता ने पुलिस को कहा- अपना बचाव किया
आरोपी अशोक शर्मा सांदीपनि कॉलेज में हेड क्लर्क के पद से 11 साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। घटना के बाद वह सीधे माधव नगर थाने पहुंचा। यहां पुलिस को उसने बताया कि बेटा विनित रोजाना शराब पीकर आता है और विवाद करता है। मंगलवार रात भी विनित शराब पीकर विवाद और मारपीट कर रहा था इसलिए अपनी आत्मरक्षा में उसने बेटे पर हमला कर दिया।