पुलिस को देखकर भागा शराब तस्कर, घेराबंदी की तो धराया

थैली में अवैध शराब लेकर खड़ा था, रतलाम से लेकर आया था शराब

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन जिले के नागदा स्थित हनुमान डेम के पास अवैध शराब लेकर खड़े तस्कर को बिरलाग्राम पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा। वह पुलिस को देख भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन कामयाब नहीं हो सका। उसके पास से अंग्रेजी शराब के 32 क्वार्टर जब्त किए गए।
बिरलाग्राम पुलिस ने बताया कि भ्रमण के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि हनुमान डेम के पास एक शख्स अवैध शराब लेकर खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां कपड़े की थैली लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की जिसे घेराबंदी कर गिरफ्त में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोती पिता समंदर सिंह शेखावत (52) निवासी गवर्मेंट कॉलोनी, बिरलाग्राम बताया।
तलाशी लेने पर उसकी थैली से अंगे्रजी शराब के ३२ क्वार्टर जब्त किए गए जिसकी अनुमानित कीमत 4500 रुपए है। इसके बाद तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। टीआई जितेंद्र पाटीदार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी मोती सिंह ने बताया कि वह रतलाम से शराब बेचने के लिए लेकर आया था। वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से प्रकरण दर्ज हैं। वह पहले भी शराब तस्करी में पकड़ा जा चुका है।









