बांके बिहारी के चरण दर्शन, परशुराम जी का पूजन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अक्षय तृतीया पर सोमवार को श्री बांके बिहारी के चरण दर्शन हुए। साल में सिर्फ एक ही दिन चरण दर्शन का विधान है। वहीं ब्राह्मण समाज ने सुबह चाणक्यपुरी स्थित श्री परशुराम मंदिर पर भगवान परशुराम का पूजन-अभिषेक और महाआरती की।

अंकपात रोड स्थित ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर पर सुबह 8 बजे के बाद श्री बांके बिहारी के चरण दर्शन प्रारंभ हुए। सुबह से ही कई श्रद्धालु चरण दर्शन के लिए मंदिर पहुंच गए थे। मंदिर संस्थापक पं. हरिनारायण शास्त्री ने बताया कि सुबह आरती के बाद से दर्शन प्रारंभ हैं।
दोपहर 1 बजे तक दर्शन चलेंगे। इस दौरान प्रसादी का वितरण भी किया गया। इसके बाद शाम को 4 से रात 9 बजे तक चरण दर्शन होंगे। दिन में महिलाओं द्वारा भजन गाए जाएंगे। गौरतलब है कि श्री बांके बिहारी के चरण दर्शन साल में सिर्फ एक दिन अक्षय तृतीया पर ही होते है। इस दिन भक्त बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
ब्राह्मण समाज ने जड़ी-बूटी और फलों के रस से किया अभिषेक
अक्षय तृतीया भगवान भगवान परशुराम का प्राकट्योत्सव नानाखेड़ा स्थित चाणक्यपुरी के परशुराम मंदिर पर श्री परशुराम मंदिर पारमार्थिक सेवा न्यास एवं अभा युवा ब्राह्मण समाज ने मनाया। अध्यक्ष अर्पित पुजारी ने बताया सुबह 10 बजे से 21 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा शास्त्रोक्त विधि-विधान से भगवान परशुराम का महाअभिषेक किया गया। विशेष औषधीय जड़ी-बूटियों और विभिन्न फलों के रसों से अभिषेक किया गया। इसके बाद मनोहारी शृंगार किया गया। दोपहर ठीक 12 बजे जन्म आरती की गई। इसके पश्चात प्रसादी वितरण किया गया।









