बिना बारिश बढ़ा शिप्रा का जलस्तर

उज्जैन। मानसून ने अभी दस्तक नहीं दी है। ऐसे में बिना बारिश के सोमवार को रामघाट पर शिप्रा का जलस्तर बढ़ गया जिससे दत्तअखाड़ा क्षेत्र में रखे बैरिकेड्स भी एक फीट तक पानी में डूब गए। अचानक बढ़े पानी के कारण श्रद्धालु भी नदी में अठखेलियां करते नजर आए। कई श्रद्धालु पानी के बीच खतरे से अंजाम सेल्फी और रील बनाते रहे लेकिन वहां कोई जिम्मेदार इन्हें रोकने के लिए नहीं था।
इस संबंध में रामघाट चौकी प्रभारी ईश्वरलाल चौधरी ने बताया रविवार को जलस्तर सामान्य था लेकिन संभवत: रात से पानी बढऩा शुरू हुआ जो सोमवार सुबह तक भी धीरे-धीरे बढ़ रहा था। इस दौरान नदी का जलस्तर करीब डेढ़ फीट तक बढ़ गया। हालांकि, इन दिनों में ऐसी स्थिति नहीं बनती, जबकि अभी गर्मी की छुट्टियां हैं एवं श्रद्धालुओं की भीड़ भी है। ऐसे में कोई दुर्घटना ना हो इसलिए जलस्तर कम होना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक संभवत: 15 जून को आने वाली सोमवती अमावस्या के लिए नर्मदा का जल लिया जा रहा है।









