Advertisement

भस्मार्ती में बाबा महाकाल अर्पित करेंगे हर्बल गुलाल, श्रीकृष्ण सुदामा गेर में शामिल होंगे सीएम

पंचमी पर कल रंगों का धमाल, शाम को क्रिकेट का रोमांच

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। होली के बाद शहर में रंगपंचमी पर आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भगवान महाकाल के आंगन से शुरू होने वाला यह उत्सव शहर को अपने रंग में सराबोर कर देगा। इस वर्ष रंगपंचमी पर श्रीकृष्ण सुदामा विशेष गेर निकाली जाएगी जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। परंपरा के अनुसार रंगोत्सव की शुरुआत बाबा महाकाल को गुलाल अर्पित कर की जाएगी। भस्मार्ती में भगवान का भांग सूखे मेवे से शृंगार होगा। पुजारी व पुरोहित परंपरा का निर्वहन करते हुए बाबा पर फूलों की वर्षा करेंगे। टेसू (पलाश) के फूलों से तैयार प्राकृतिक रंग से भगवान को स्नान करवाया जाएगा।

ध्वज चल समारोह निकलेगा
महाकाल मंदिर द्वारा रंगपंचमी पर शाम को श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह (महाकाल गेर) निकाला जाएगा। महाकाल गेर का स्वरूप इस बार और भव्य होगा। 51 ध्वज पताकाओं के साथ इंदौर और महिदपुर की 8 विशेष झांकियां शामिल होंगी। इंदौर का प्रसिद्ध राजकमल बैंड और आधुनिक डीजे सिस्टम की जुगलबंदी श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाएगी। अखाड़ों में युवा शौर्य प्रदर्शन करेंगे।

Advertisement

क्रिकेट की खुमारी छाएगी
शाम 7 बजे से भारत और न्यूजीलैंड वल्र्डकप के फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगे। इसके लिए क्रिकेट प्रेमियों ने अभी से तैयारियां कर ली हैं। शाम होते ही क्रिकेट फीवर सिर चढ़कर बोलेगा।

यहां भी रहेगी रंगोत्सव की धूम

Advertisement

गोपाल मंदिर- सुबह 8 बजे से मालवी रापट रोलिया का आयोजन होगा जहां देसी टमाटर, मुल्तानी मिट्टी और फूलों के रंगों का उपयोग कर मथुरा-वृंदावन जैसी होली खेली जाएगी।

कहारवाड़ी- शाम 4 बजे से पारंपरिक छड़ीमार होली खेली जाएगी जिसमें महिलाएं हाथ में छडिय़ां लेकर युवाओं के पीछे दौड़ेंगी।

उर्दूपुरा- मारवाड़ी माली समाज द्वारा 7 दिनी उत्सव के तहत दोपहर 12 बजे से पति-पत्नी की होली मनाई जाएगी।

देवासगेट: यहां की कड़ाव वाली छपाक होली अपने अनोखे अंदाज के लिए प्रसिद्ध है।

बसंत विहार- सांस्कृतिक मंच द्वारा शाम को 251 लीटर दूध की ठंडाई का वितरण कर उत्सव का समापन किया जाएगा।

रंगपंचमी के एक दिन पहले शनिवार सुबह पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाके जीवाजीगंज और चिमनगंज थाना क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में फ्लैग मार्च किया।

श्रीकृष्ण-सुदामा रंग उत्सव की तैयारी में जुटा प्रशासन, सीएम होंगे शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 मार्च को सुबह 9 बजे श्रीकृष्ण-सुदामा रंग उत्सव में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन सिंधी कॉलोनी से टॉवर चौराहे तक निकाला जाएगा। लाइव झांकियां और फाग मंडलियां इस उत्सव की रौनक बढ़ाएंगी।

शनिवार सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में लगे थे। सिंधी कॉलोनी चौराहे से टॉवर चौक तक की सड़कों की मरम्मत करने में नगर निगम की टीम जुटी थी। निगम अपर आयुक्त संतोष टैगौर के नेतृत्व में पेंचवर्क और सफाई अभियान चल रहा था। स्वागत मंच और स्वागत फ्लैक्स भी लगाए जा रहे थे। यह शहर का पहला आयोजन है और पूरा प्रशासन इसमेें सर्वसुविधा जुटाने में जुटा है।

Related Articles

Write a review