राजस्थान-गुजरात की गर्म हवा से रात का पारा भी उछला, 26.8 डिग्री पर

दिन का तापमान रिकॉर्ड 44.4
उज्जैन। राजस्थान-गुजरात की गर्म हवाओं ने शहर को तपाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पारे ने सीजन का रिकॉर्ड बना डाला और अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री पर पहुंच गया। सोमवार को ही सीजन में दूसरी बार तापमान ने 43 डिग्री का आंकड़ा पार किया था। दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में भी तेजी दर्ज की गई और यह सीधा 2 डिग्री उछलकर 26.8 पर पहुंच गया। मंगलवार को रात का तापमान 24.8 डिग्री था।
गर्मी के तेवर अब सुबह से ही तीखे होने लगे हैं। हाल यह है कि चार दिन पहले तक ठंडी रहने वाली रात और सुबह भी अब गर्म हो उठे हैं। मंगलवार को दिन भर झुलसाने वाली गर्मी महसूस की। इससे लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की गर्म हवाएं राजस्थान और गुजरात के इलाकों से होकर सीधे मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही हैं और इनका सबसे ज्यादा असर मालवा में दिख रहा है,। यहीं कारण है कि मालवा के नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और शाजापुर जैसे जिले तप रहे हैं।
आज रहेगी लू की आशंका
मौ सम विभाग के अनुसार गर्म हवाओं का दौर अगले कुछ दिन और बना रह सकता है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी। आज और कल लू चल सकती है। खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से निकलते समय सावधानी रखने की जरूरत है। अगर गर्म हवाओं की रफ्तार आगे बढ़ती है तो रात का तापमान 27 डिग्री के ऊपर भी पहुंच सकता है।









