सिरफिरे भतीजे ने सगे चाचाओं को उतारा मौत के घाट

By AV NEWS

सिरफिरे भतीजे ने कुल्हाड़ी से सगे चाचाओं की हत्या की

मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक सिरफिरे भतीजे ने अपने दो चाचा की हत्या कर दी। कुल्हाड़ी से प्रहार कर उनको मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद जो भी उसे सामने दिखता उस पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता। ऐसे में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना को अंजाम देने के बाद सिरफिरा मौके से फरार हो गया।घटना सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत नयागांव बम्होरी की बताई गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार की शाम 6 बजे नयागांव निवासी 28 वर्षीय राव साब पिता रम्मू यादव कुल्हाड़ी लेकर निकला। जिसने अपने चाचा सुखराम और जीवन पर हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी से युवक ने एक के बाद एक कई प्रहार किए। जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस घटना को अंजाम के बाद भी सिरफिरा नहीं रुका। मौके पर चीख पुकार सुनकर उसकी चाची कैलाशरानी और बड़ी मां सरोजनी बाहर निकलीं जिस पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। यहां से जाते वक्त रास्ते में मिले शिक्षक रवि गौंड के हाथ में कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। जिसके बाद उसे देखकर लोग इधर-उधर छिप गए। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग गया। इस घटना में उसकी बड़ी मां, चाची और टीचर को भी गंभीर चोटें पहुंची हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जो भी उसके सामने आता वह उस पर झपटने के लिए दौड़ पड़ता। घटना के बाद से नयागांव में दहशत का माहौल है। बताया गया है कि आरोपी की पत्नी और दो बच्चे भी हैं। उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने के कारण वह कुछ दिनों से गांव में उत्पात मचा रहा था। लोगों के मोबाइल भी वह छीन लेता था। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल छीनकर वह डॉयल 100 को भी फोन लगा देता था। इस घटना की सूचना केसली पुलिस को दी गई। जिसके बाद मंगलवार की दोपहर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के पीछे कोई तात्कालिक वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article