उज्जैन : राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन के नाम पर महिला ने की हजारों की ठगी

लखनऊ से असली अध्यक्ष ने नागझिरी थाने पहुंचकर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया, महिला हिरासत में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व प्रतिनिधि.उज्जैन। राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन संस्था का सदस्य बनाने के नाम पर नागझिरी आदर्श नगर क्षेत्र में रहने वाली महिला ने 30 से अधिक लोगों के साथ हजारों रुपये की धोखाधड़ी की। लखनऊ से संस्था की असली अध्यक्ष ने नागझिरी थाने पहुंचकर महिला के खिलाफ धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है।
एसआई दिनेश भाट ने बताया कि शिरीन हुसैन पति शेख अमन निवासी आदर्श नगर नागझिरी द्वारा राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन संस्था के फर्जी लेटरपेड छपवाकर सदस्य बनाये गये थे। उसके द्वारा बुरहानपुर के करीब 30 लोगों से 59 हजार रुपये लिये गये और संस्था की असली अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कार्ड भी वितरित किये गये। इसकी जानकारी राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन संस्था की असली अध्यक्ष मधु यादव पति रविन्द्र यादव निवासी लखनऊ को लगी तो उन्होंने उज्जैन पहुंचकर सच्चाई का पता लगाया और शिरीन द्वारा उनके फर्जी हस्ताक्षर कर जिन लोगों से रुपये वसूले गये उनसे चर्चा भी की। मधु यादव नागझिरी थाने पहुंचीं और शिरीन के खिलाफ केस दर्ज कराया जिसके बाद पुलिस ने शिरीन को हिरासत में लिया है।









