घरों में घुस रहा पानी, आज चक्काजाम करेंगे रहवासी

अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी के रहवासी चार साल से हैं परेशान.

उज्जैन। अतिरिक्त विश्व बैंक हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहवासी पिछले चार वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। मामूली बारिश में ही यहां घुटनों तक पानी भर जाता है। अकसर घरों में पानी आ जाता है। आक्रोशित रहवासियों ने मंगलवार 7 जुलाई को शाम 5 बजे आगर रोड पर चक्काजाम करने का ऐलान किया है।
रहवासियों का दर्द है कि वैध कॉलोनी होने के बाद भी उन्हें नरकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इससे पहले भी इस गंभीर समस्या को लेकर कानीपुरा रोड पर चक्काजाम किया गया था। उस दौरान नगर निगम के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिखित में भरोसा दिलाया था कि व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी, लेकिन वह आश्वासन सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया और जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। वर्तमान में पूरी कॉलोनी की सड़कें खुदी पड़ी हैं, नालियों का नामोनिशान नहीं है और स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने दूसरी कॉलोनियों के बरसाती पानी का रुख भी इसी कॉलोनी की तरफ मोड़ दिया है, जिससे मुसीबत और ज्यादा बढ़ गई है।
रविवार को ऊंचे मकानों में भी पानी घुसा
रविवार को हुई तेज बारिश में पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया। जिन लोगों ने सड़कों के स्तर से अपने मकान दो-तीन फीट ऊंचे बनाए थे, उनके घरों में भी पानी भर गया है। इसके साथ ही एक बड़ा खतरा बिजली कंपनी की लापरवाही से भी बना हुआ है। विद्युत विभाग द्वारा लगाई गई अंडरग्राउंड बिजली की डीपी बेहद कम ऊंचाई पर हैं, जिससे सड़कों पर पानी भरने के दौरान इलाके में करंट फैलने का डर चौबीसों घंटे सताता रहता है। क्षेत्रवासी प्रेम राजपूत दरबार ने बताया कि कॉलोनी के लोग कई बार निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं। अधिकारियों ने दौरों और निरीक्षणों की औपचारिकताएं तो खूब निभाईं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।









