चलती फ्लाइट से कूदा यात्री, इमरजेंसी गेट खोलते ही मची अफरातफरी

रविवार तड़के Chennai International Airport पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर चल रही फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया और नीचे छलांग लगा दी। यह घटना शारजाह से आई Air Arabia की फ्लाइट में हुई, जिसमें कुल 231 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि इस खतरनाक हरकत के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, विमान रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था, तभी 34 वर्षीय एक यात्री अचानक अपनी सीट से उठा और इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलकर नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित घटना से विमान के भीतर अफरातफरी मच गई। पायलट ने तुरंत विमान को रोका और ग्राउंड स्टाफ व सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान उक्त यात्री की तबीयत खराब थी। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और बताया जा रहा है कि उसने कूदने से पहले दो बार उल्टी भी की थी। आशंका है कि इसी बेचैनी के कारण उसने यह जोखिम भरा कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। बम निरोधक दस्ता भी एहतियातन मौके पर पहुंचा। पायलट की शिकायत के बाद आरोपी यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
इस घटना के चलते एयरपोर्ट संचालन पर भी असर पड़ा। सुरक्षा कारणों से करीब एक घंटे तक मुख्य रनवे बंद रखा गया और अन्य उड़ानों को सेकेंडरी रनवे पर डायवर्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस और एविएशन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यात्री की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है, ताकि इस खतरनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।









