छाई पर्व की खुशियां, सजे घर-आंगन शुभ घड़ी में होगा मां लक्ष्मी का पूजन

उज्जैन।आज वर्ष का सबसे बड़ा पर्व दीपावली मनाया जा रहा है। चारों ओर खुशियां और उमंग हैं। घर-आंगन सजे हुए हैं। मां श्रीलक्ष्मी की प्रतीक्षा में रांगोली बनाई गई और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से घर जगमगा रहे हैं। शुभ घड़ी में माता लक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। बाजारों में भी खरीदी के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पांच दिवसीय दीपपर्व की शुरुआत धनतेरस के साथ हुई। आज दीपावली पर शुभ मुहूर्त में लोग मां लक्ष्मी का पूजन करेंगे। कार्यालयों व अन्य संस्थानों में दिन मेंविशेष मुहूर्त में पूजन किया जा रहा है। पं चंदन व्यास के अनुसार कार्तिक मास की अमावस्या तिथि आज शाम 6 बजे से लग रही है जो मंगलवार को शाम 7 बजे तक रहेगी।
मंगलवार को सूर्य ग्रहण होने से दीपावली का पर्व आज सोमवार को मनाया जा रहा है। पं. व्यास ने बताया कि श्री नारायण के साथ करें लक्ष्मी पूजन, कभी धन का अभाव नहीं रहेगा।
दीपोत्सव पर घर आंगन सज गए हैं। आंगन में रांगोली बनाई हैं। वहीं मुख्य द्वार तोरण से सजाए गए हैं। रंग-बिरंगी विद्युत लडिय़ों की रोशनी चारों ओर बिखर रही हैं। शाम को पूरा शहर रोशनी से जगमगाएगा। मां लक्ष्मी पूजन के बाद आतिशबाजी की जाएगी। इधर बाजारों में पूजन सामग्री की सुबह से लोग खरीदी कर रहे हैं। पटाखों की भी जमकर खरीदी की जा रही हैं।
ग्रहण काल में जप करें, अन्न जल ग्रहण न करें
सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर को है, ग्रहणकाल सायं 4.31 से 5.57 तक रहेगा। जिसका सूतक प्रात: 4.31 से रहेगा। सूर्य ग्रहण के बाद स्नान कर यज्ञोपवीत बदल कर मंदिर के विग्रह का स्नान कराकर नित्य की तरह आरती पूजन नैवेध्य जरूर लगाएं। घरों में गंगाजल गोमूत्र से शुद्धि करें। ग्रहण काल में जप करें और अन्न जल ग्रहण न करें। बच्चों, बीमार, गर्भवती महिलाएं दोष मुक्त है।
महिलाओं के लिए सिटी बस की सवारी निशुल्क
महापौर मुकेश टटवाल ने सिटी बसों को महिलाओं के लिए दीपावली पर्व पर निशुल्क किया। दीपावली पर महापौर ने उज्जैन से तराना, तपोभूमि से मेडिकल कॉलेज एवं देवासगेट से नानाखेड़ा की रूटवाली 10 सिटी बसों का किराया महिलाओं के लिये निशुल्क रखने की घोषणा की है। सोमवार दीपावली पर्व पर सिटी बस में सफर करने वाली महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा।
कल ग्रहण, 26 को होगी गोवर्धन पूजा
25 अक्टूबर मंगलवार को ग्रस्तास्त सूर्यग्रहण रहेगा। 26 अक्टूबर बुधवार को गोवर्धन पूजा अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा। 27 अक्टूबर गुरुवार को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। इसके साथ ही दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का समापन होगा। वहीं 30 अक्टूबर रविवार छठ पूजा, 2 नवंबर आंवला नवमी, 4 नवंबर देव प्रबोधिनी एकादशी तुलसी विवाह का पर्व मनाया जाएगा।









