छिंदवाड़ा: जुन्नारदेव में किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

छिंदवाड़ा | जिले के जुन्नारदेव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने में 5 फायर ब्रिगेड वाहनों का पानी इस्तेमाल करना पड़ा।
समय रहते टला बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।
हालांकि इस हादसे में दुकान मालिक को लाखों रुपए का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।