जमीन के अंदर दबा मिला जिंदा बम, मजदूरों को दिखाई दिया

जबलपुर। जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट के पास ग्राम गदेरी में शुक्रवार शाम को जमीन में दबा जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही खमरिया थाना पुलिस बम स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि यह भारी-भरकम जिंदा बम है, जिसकी मारक क्षमता करीब 50 मीटर तक बताई जा रही है।
पुलिस ने बम को सेना के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है, जिसे डिफ्यूज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जमीन के अंदर मिला बम यूएक्सओ है। जहां यह बम मिला, वह स्थान आयुध निर्माणी फैक्ट्री खमरिया से करीब 6 किलोमीटर दूर है। ग्राम गदेरी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम के समय खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन में कुछ लोहे जैसी वस्तु दिखाई दी। इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई। उन्होंने वस्तु को देखा तो बम होने की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी।









