तमिलनाडु में सरकार बनने पर संशय : 116 की हामी के बाद भी विजय की शपथ पर पेंच

चेन्नई, एजेंसी। तमिलनाडु में विजय सरकार बनाने पर राजनीतिक सस्पेंस अब भी बरकरार है। टीवीके चीफ और एक्टर विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के सामने तीसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन उनके पास महज 116 विधायकों का ही समर्थन पत्र था। बहुमत का आंकड़ा न होने के कारण आज होने वाला विजय का शपथ समारोह कैंसिल हो गया है। दरअसल, विजय ने राज्यपाल को टीवीके, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम) के 116 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था।

आईयूएमएल और वीसीके ने अब तक समर्थन पत्र नहीं दिया है। दोनों के पास 2-2 विधायक हैं। विजय को भी बहुमत के लिए महज 2 विधायक और चाहिए। इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते। वीसीके चीफ थिरुमावलवन ने शुक्रवार सुबह सार्वजनिक रूप से कहा कि उनकी पार्टी टीवीके को समर्थन देगी। लेकिन देर रात तक औपचारिक पत्र नहीं सौंपा।









