गुंडई पर एक्शन… जुलूस के साथ निकाली बदमाश की हेकड़ी, कान पकड़कर लंगड़ाते हुए चलता रहा

उज्जैन। कंचनपुरा में बुधवार रात घर पर पत्थर, एसिड फेंकने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित दो बदमाशों को पकड़ा है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। माधवनगर पुलिस ने शुक्रवार को बदमाश गोलू का जुलूस निकाल दिया। वह कान पकड़कर लंगड़ाते हुए चलता रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दरअसल, बुधवार रात करीब 12.30 कंचनपुरा निवासी आईटीआई कर्मचारी भागीरथ रायकवार नाइट ड्यूटी पर थे। पीछे से पड़ोसी परिवार के नाबालिग, परिवार का दामाद गोलू उर्फ पप्पू (28) निवासी ढांचा भवन ने अपने 8-10 साथियों के साथ भागीरथ के घर हमला कर दिया। उस वक्त घर में भागीरथ की बेटी पूजा और पूजा की 75 वर्षीय दादी मां भगवती बाई ही थे। बदमाशों ने पहले मौके पर ही शराब पी। फिर खाली बोतलों में एसिड भरकर घर पर फेंफा। उत्पात मचाते हुए उन्होंने दरवाजा भी तोड़ दिया और घर के बाहर रखी मोपेड़ में आ लगा दी। पूजा और भगवती बाई ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा।
घबराई पूजा ने अपनी बुआ उषा और चचेरे भाई भरत को कॉल कर बुलाया तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटा। इस दौरान उन्होंने घर के अंदर टीवी आदि अन्य सामान भी तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने मौके से गोलू और उसके नाबालिग साले को पकड़ा और माधवनगर पुलिस को सौंप दिया। बाकी बदमाश मौका देख भाग निकले। घटना के सीसीटीवी फुटेजेस भी सामने आए थे। मामले में पुलिस दो फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी गोलू का जुलूस निकाल दिया।
राजीनामे को लेकर किया था हमला
भागीरथ रायकवार और उनका पड़ोसी दिनेश रायकवार के परिवार के बीच करीब दो साल पहले भी विवाद हो चुका है। मामला कोर्ट में है। इसमें भी आरोपी दिनेश रायकवार का परिवार है। इस कारण वे हर बार कोर्ट तारीख के पहले भागीरथ रायकवार के परिवारजनों को राजीनामा के लिए धमकाते हैं। इस बार उन्होंने हमला कर दिया।
घटना में लोकेश और राहुल नामक दो आरोपी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है। लोकेश पहले गिरफ्त में आ चुके आरोपी गोलू का भाई है और राहुल उसका दोस्त है। – गजेंद्र पचौरिया, टीआई, थाना माधवनगर
View this post on Instagram









