तस्कर पकड़ाया, दो पेटी अंग्रेजी शराब जब्त

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शराब तस्करी के मामले में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी हो रही है। नागझिरी पुलिस ने बीती रात सुमन गार्डन के सामने सड़क पर प्लास्टिक के थैले में शराब लेकर खड़े तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से अंग्रेजी शराब की दो पेटी जब्त की गई है।
नागझिरी पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सुमन गार्डन के सामने सर्विस रोड पर एक शख्स अवैध शराब लेकर खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम एक्शन में आई और मौके पर पहुंची तो प्लास्टिक का थैला लिए एक शख्स नजर आया। पूछताछ में उसने अपना नाम नवल पिता चंद्रकुमार निवासी दशहरा मैदान बताया। थैले की तलाशी लेने पर उसके पास से अंग्रेजी शराब दो पेटी मिली जिसे जब्त किया गया। इसकी कीमत 16248 रुपए बताई गई है। वह इंदौर की ओर से शराब लेकर आया था। पुलिस उसके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। तस्कर के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
फूड डिलेवरी की आड़ में पहुंचा रहा था शराब
इधर, माधवनगर पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब के 9 और देशी प्लेन शराब 9 क्वार्टर के साथ दशहरा मैदान के पास से फूड डिलेवरी बॉय को पकड़ा है। उसके पास से शराब और बाइक जब्त की गई है। जब्त शराब की कीमत 2430 रुपए है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम राजाराम पिता बसंतीलाल परमार निवासी ग्राम चिकली है। वह फूड डिलेवरी काम करता था। ज्यादा रुपए कमाने की लालच में उसने फूड के साथ शराब पहुंचाने का काम भी शुरू कर दिया था। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12.20 बजे वह दशहरा मैदान के पास शराब की डिलेवरी देने आया था लेकिन पुलिस को सूचना मिल गई जिसके बाद उसे धरदबोचा गया। वह एक से डेढ़ माह से यह काम कर रहा था।
स्कूटी पर शराब लेकर खड़ा था तस्कर, घेराबंदी कर पकड़ा
दो झोलों में मिले देशी प्लेन शराब के 350 क्वार्टर जब्त
उज्जैन। बिना नंबर की स्कूटी पर शराब लेकर खड़े तस्कर को पंवासा पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। दो झालों में उसके पास से देशी प्लेन शराब के ३५० क्वार्टर जब्त किए गए। दरअसल, मुखबिर ने पंवासा पुलिस को सूचना दी थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की स्कूटी पर अवैध शराब लेकर जीवनपुर खेड़ा मोड के पास खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां संदिग्ध व्यक्ति रोड किनारे स्कूटी के साथ खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर उसने भागने कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे धरदबोचा। स्कूटी पर रखे दो झोलों की तलाशी लेने पर उनमें देशी प्लेन शराब के ३५० क्वार्टर मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम आनंद उर्फ रूद्र पिता कुंदन चौहान (20) निवासी पुष्पांजलि नगर बताया। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस/परमिट प्रस्तुत नहीं सका जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर शराब जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत 31,500 रुपए बताई गई। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।









