दुकानदार बोले- कारोबार चौपट हो गया, ग्राहक तक नहीं आ रहे

नानाखेड़ा में सी-21 मॉल के सामने चार माह से खोदी सड़क अब तक नहीं बनी, स्ट्रीट लाइट भी बंद

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में अलग-अलग जगह चल रहे निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब भी बन रहे हैं। ताजा मामला नानाखेड़ा स्थित सी-21 मॉल के सामने का है। यहां मॉल के सामने सड़क खुदी पड़ी है लेकिन अब तक इसे बनाया नहीं गया। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे जिससे कारोबार चौपट हो गया है।
दरअसल, उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन के तहत इस रोड को दोनों ओर से चौड़ा किया जाना है। करीब चार माह पहले इसे खोदा गया था, यहां नाली बना दी गई लेकिन उसके बाद खुदी हुई सड़क में गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया तब से लेकर अब तक यही हालात है। ऐसे में मॉल में लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है और दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस सड़क को तभी खोदना था जब उसे बनाना था। इसे खोदकर ऐसे छोड़ देने का क्या मतलब, जबकि यहां नाली बना दी है और बिजली विभाग ने नए पोल भी लगाकर लाइन शिफ्ट कर दी है। सड़क खुदी होने से सड़कों पर चौपहिया वाहन पार्क हो रहे हैं जिससे संकरी सड़क पर पल-पल में वाहन गुत्थमगुत्था होते है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्ट्रीट लाइट भी बंद
मॉल परिसर में लगी स्ट्रीट लाइट भी काफी समय से बंद है जिससे रात होते ही यहां अंधेरा छा जाता है। ऐसे में हादसे का भी अंदेशा रहता है। लंबे समय से यही स्थिति है लेकिन अब तक जिम्मेदारों का इस पर ध्यान नहीं है।
दुकानदारों ने बताई परेशानी
रोड खुदने से हमारे व्यापार भी खुद गया है। पिछले चार महीने से कारोबार चौपट हो गया है। कस्टमर दुकान तक ही नहीं आ पा रहे हैं। दुकान का किराया निकालना और घर चलाना मुश्किल हो गया है। हम बेहद परेशान हैं।
प्रकाश मालवीय
मेडिकल स्टोर संचालक
चार महीने पहले रोड खोदी, दो महीने पहले नाली भी बना दी, बिजली कंपनी ने नए पोल लगाकर लाइन भी शिफ्ट कर दी लेकिन इतना सब होने के बाद भी रोड को उसी हालत में छोड़ दिया। जब अभी बनाना नहीं था तो खोदा क्यों। शाम होते ही यहां वाहनों का जाम लग जाता है।
रोहित प्रजापति, दुकानदार
अभी व्यापार का मेन सीजन है क्योंकि गर्मी का सीजन शुरू हो गया है लेकिन पार्किंग नहीं होने और रोड खुदा हुआ होने से परेशान हैं। वर्तमान में कस्टमर ही नहीं आ रहे। सिर्फ 25 प्रतिशत ग्राहकी ही बची है।
शैलेंद्र सोलंकी
आइसक्रीम पार्लर संचालक








