देवास : पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, कई लोगों की मौत की सूचना

आक्रोशित लोगों ने मचाया हंगामा, उज्जैन से पहुंचे अफसर, मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका
चश्मदीद बोले- मकान हिल गए, पतंग की तरह उड़ रहे थे लोग
देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पटाखा निर्माण इकाई में भीषण विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।कलेक्टर ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है,ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे।
विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में भगदड़ की स्थिति बन गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं विस्फोट के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
अफसरों को घेरकर आक्रोश जताया
धमाके से फैक्ट्री के शेड के टीन हाईवे पर तक उडक़र आ गए। सूचना मिलते ही कलेक्टर, एडीएम और एसडीएम सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया और आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रत्यक्षदर्शी राजेश मालवीय के मुताबिक एक साल पहले फैक्ट्री शुरू हुई थी। अचानक धमाका हुआ और लोग पतरे के साथ हवा में उड़ते हुए जमीन पर जा गिरे। विस्फोट इतना तेज था कि मकान तक हिल गए।
View this post on Instagram









