नौतपा में करें ये उपाय, प्रसन्न होंगे सूर्यदेव, आएगी सुख-समृद्धि

नौतपा की शुरुआत हो चुकी है, जो 2 जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में विराजमान रहेंगे, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। ज्योतिष शास्त्र में नौतपा को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है। मान्यता है कि इन नौ दिनों में किए गए दान, पूजा और सेवा के कार्यों से सूर्यदेव प्रसन्न होते हैं और जीवन में सुख, समृद्धि व सकारात्मकता आती है।
धर्माचार्यों के अनुसार नौतपा के दौरान कुछ विशेष उपाय करने से सूर्य के प्रतिकूल प्रभाव कम होते हैं और व्यक्ति को मान-सम्मान, आत्मविश्वास तथा उन्नति प्राप्त होती है।
सूर्यदेव को अघ्र्य दें
नौतपा के दौरान प्रतिदिन सुबह सूर्यदेव को जल अर्पित करना शुभ माना गया है। जल में थोड़ा गुड़ मिलाकर अघ्र्य देने से सूर्य की कृपा बनी रहती है। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्यों में सफलता मिलने के योग बनते हैं।
सत्तू का दान करें
भीषण गर्मी में सत्तू का दान पुण्यकारी माना गया है। जरूरतमंद लोगों को सत्तू बांटने से गर्मी से राहत मिलती है और दान करने वाले व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मान्यता है कि इससे बाधाएं दूर होती हैं और सुख-समृद्धि आती है।
आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें
यदि कुंडली में सूर्य कमजोर हो या जीवन में मानसिक तनाव बना रहता हो, तो नौतपा के दौरान श्रद्धा भाव से आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करना लाभकारी माना गया है। इससे मानसिक शांति मिलती है और कार्यक्षेत्र में उन्नति के मार्ग खुलते हैं।
पादुका और छाते का दान करें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नौतपा में चप्पल और छाते का दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि इससे मृत्यु के बाद कठिन मार्गों में राहत मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है।
पिता की सेवा करें
ज्योतिष में सूर्य को पिता का कारक ग्रह माना गया है। ऐसे में नौतपा के दौरान पिता की सेवा करना और उनका आशीर्वाद लेना विशेष फलदायी माना गया है। इससे परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और बिगड़े कार्य बनने लगते हैं।
जल और शरबत का दान करें
गर्मी के इन दिनों में राहगीरों और जरूरतमंदों को पानी तथा शरबत पिलाना पुण्यदायी माना गया है। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे आर्थिक परेशानियां कम होने और शुभ फल मिलने की मान्यता है।
मंगलवार को करें विशेष उपाय
इस बार नौतपा में दो मंगलवार पड़ रहे हैं। मंगलवार के दिन भगवान हनुमान और सूर्यदेव को आम अर्पित करना शुभ माना गया है। इसके बाद आम को प्रसाद के रूप में लोगों में बांटना चाहिए। मान्यता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और जीवन में शुभ परिवर्तन आते हैं।
बाल गोपाल की सेवा करें
यदि घर में लड्डू गोपाल विराजमान हैं, तो नौतपा के दौरान उनके लिए शीतल पेय और ठंडी शैय्या की व्यवस्था करनी चाहिए। मोर पंख से हवा करने और विशेष सेवा करने से भगवान प्रसन्न होते हैं तथा घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
नौतपा में रखें इन बातों का ध्यान
जरूरतमंदों की सहायता करें।
पशु-पक्षियों के लिए पानी रखें।
पेड़-पौधों की सेवा करें।
क्रोध और विवाद से बचें।
सुबह जल्दी उठकर सूर्य उपासना करें।









