पथरीली राह से निकले अफसर, कांटे भी चुभें

मुआयना : शिप्रा के राइट बैंक में छह किलोमीटर तक देखें घाट
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के क्रम में घाटों के लिए एप्रोच रोड तलाशने निकली प्रशासनिक टीम ने मंगलवार को नदी के राइट बैंक में छह किलोमीटर का सफर तय किया। नागदा-उन्हेल पुल के नीचे से शुरू हुई चौथे दिन की शिप्रा परिक्रमा में प्रशासनिक अधिकारियों का सामना पथरीली राह, उबड़-खाबड़ रास्ते और कांटों से हुआ। चक्रतीर्थ पर सफर को विराम दिया। बुधवार को यहां से यात्रा शुरू होगी।
संभागायुक्त आशीषसिंह के नेतृत्व में निकल रही कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, यूडीए सीईओ संदीप सोनी और जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की टोली के लिए मंगलनाथ तक सफर आसान रहा। कठिन सफर मंगलनाथ से आगे शुरू हुआ। शिप्रा के किनारे यहां उबड़-खाबड़ हैं और एप्रोच रोड भी नहीं है। भैरवगढ़, पुल, भृतहरि गुफा, ऋणमुक्तेश्वर, वाल्मीकि घाट जैसे दुर्गम रास्तों पर अफसर चले। सुबह 6 बजे से शुरू हुआ दौरा करीब 10 बजे चक्रतीर्थ पर रोका गया।









