बिजली पोल पर चढ़े हैं खतरों के खिलाड़ी…

उज्जैन। विभागीय आदेश के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर खतरे के खिलाड़ी बने हुए हैं। दूधतलाई क्षेत्र में लगभग 80 से 100 फीट ऊंचे खंबे पर चढक़र काम कर रहे हैं ये कर्मचारी न तो सेफ्टी बेल्ट पहने हैं और न ही हेलमेट या अन्य सुरक्षा उपकरण। ऐसे में अगर कोई हादसा होता है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा।

बिजली विभाग के डीसी सतीश कुमरावत ने बताया कि बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों को सुरक्षा साधनों के साथ ही खंबो पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली कंपनी का काम कर रहे हैं ठेकेदारों के कर्मचारियों पर भी सुरक्षा नियम लागू होते हैं। अगर कोई सुरक्षा नियमों को लागू नहीं कर रहा है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड के यात्रियों के साथ चोरी, पर्स उड़ाया
उज्जैन। नईदिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रहे मां-बेटे का पर्स अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया। उज्जैन जीआरपी थाने के आरक्षक रजत चौहान ने बताया कि उत्तराखंड के रुद्रपुर की सुनीता पति परिणय कुमार श्रीवास्तव बेटे राज के साथ नईदिल्ली से उज्जैन आने के लिए नईदिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस में सवार हुई थीं।
दोनों कोच एस-५ में थे। कोटा से पहले राज ने अपनी मां का पर्स सिरहाने रखा और दोनों सो गए। कोटा स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद जब उनकी नींद खुली तो पर्स नहीं था। पर्स में १० हजार कीमत का मोबाइल, २ हजार रुपए कैश, मेकअप का सामान और दवाइयां थीं। मंगलवार सुबह १०.३० बजे उज्जैन पहुंचने पर मां-बेटे जीआरपी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई।









