बेंगलुरु में रातभर हुई भारी बारिश, 32 साल का टूटा रिकॉर्ड, सड़क से लेकर हवाई अड्डे तक सब जलमग्न

By AV NEWS

दक्षिणी राज्यों में आफत बना मानसून…केरल में बाढ़ से दो की मौत

नई दिल्ली। केरल और कर्नाटक इन दिनों भारी बारिश के कारण बाढ़ की चपेट में हैं। यहां जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने अन्य दक्षिणी राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी कर दी है। यहां आने वाले दो से तीन दिनों में मानसूनी बारिश कहर बरपाएगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आठ व नौ सितंबर को भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा केरल, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में छह से नौ सितंबर तक भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बेंगलुरु में रविवार से शुरू हुई बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। रात भर हुई बारिश के कारण सोमवार को यहां बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई सड़कें व इलाके जलमग्न हो गए। इसके बाद राहत कार्यों के लिए नौकाओं तथा ट्रैक्टरों को लगाना पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के चलते शहर में अनेक झील, तालाब और नाले लबालब भरे हैं।

केरल में बाढ़ से दो की मौत

केरल में भी बाढ़ के कारण जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। यहां मौसम विभाग ने चार जिलों को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। बाढ़ के कारण अब तक दो लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम के पालोड इलाके में अचानक आई बाढ़ में आठ साल के एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गयी। ये दोनों लोग बाढ़ में फंस गए थे। पुलिस के मुताबिक, 10 लोगों का एक समूह एक शादी में शामिल होने के लिए पालोड इलाके में पहुंचा था।

चार जिलों में रेड अलर्ट : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा और इदुक्की जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं अलाप्पुझा, कोट्टयम और एर्णाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा एर्णाकुलम, इदुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलाप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Share This Article