भगवान महाकाल के दर्शन कर नवागत एडीजी ने संभाला पदभार

पुलिस बल ने सलामी दी अधिकारियों ने किया स्वागत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 1999 बैच के आईपीएस राकेश गुप्ता ने गुरुवार को उज्जैन झोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) का पदभार संभाल लिया। सबसे पहले उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन किए और प्रदेश में शांति की कामना की। फिर नंदीजी के कान में मनोकामना कही। इसके बाद प्रशासक प्रथम कौशिक के साथ परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को भी देखा।
इसके बाद नवागत एडीजी पुलिस ऑफिसर्स मेस पहुंचे। यहां उज्जैन संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और पुलिस बल ने उन्हें सलामी दी गई। एडीजी राकेश गुप्ता इससे पहले संचालक खेल एवं युवक कल्याण के पद पर कार्यरत थे, जबकि पूर्व एडीजी उमेश जोगा को परिवहन आयुक्त बनाकर ग्वालियर भेजा गया है। जोगा ग्वालियर से ही उज्जैन पदस्थ किए गए थे। उज्जैन में उनका कार्यकाल करीब एक साल २ महीने का रहा। इधर, पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों से चर्चा करते हुए एडीजी राकेश गुप्ता ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया।
त्यौहारों की नगरी है उज्जैन
भगवान महाकाल एवं परिसर में अन्य मंदिरों में दर्शन के बाद एडीजी मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि हमारा उज्जैन खुशियों और त्यौहारों की नगरी है। पूरे उज्जैन संभाग में त्यौहारों के दौरान पुलिस की सहायता की आवश्यकता लोगों को होगी, उन्हें उपलब्ध करवाई जाएगी।
सुलझे हुए अफसरों में होती है गिनती
एडीजी राकेश गुप्ता की गिनती सुलझे हुए अफसरों में होती है। वे वर्ष 2011 से 2013तक उज्जैन एसपी और सिंहस्थ २०१६ में डीआईजी रह चुके हैं। उज्जैन में उनकी फिर से पदस्थी का कारण भी सिंहस्थ ही है। सरकार उनके पिछले सिंहस्थ के अनुभव का लाभ लेना चाहती है। इसी के चलते उन्हें आगामी सिंहस्थ से पहले यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
View this post on Instagram










