मलमास : 14 से होगी मांगलिक कार्यों की शुरुआत

20 अप्रैल अक्षय तृतीया से विवाह और गृह प्रवेश के सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त

उज्जैन। एक बार फिर मांगलिक कार्यों की शुरुआत होने वाली है। 14 अप्रैल को खरमास की समाप्ति होते ही मलमास का समापन हो जाएगा। पंचांग अनुसार 14 से सूर्य मीन राशि छोड़ मेष राशि में प्रवेश करगो। इसी के साथ शुभ व मांगलिक कार्यों पर लगा प्रतिबंध हट जाएगा। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया (आखातीज) के अबूझ मुहूर्त से विवाह, गृह प्रवेश और यज्ञोपवीत जैसे मांगलिक कार्यों की धूम शुरू होगी।
ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि नवग्रहों के राजा सूर्य 14 अप्रैल को सुबह 9.52 बजे मेष राशि में प्रवेश करेंगे। मेष राशि के स्वामी मंगल हैं, जो सूर्य के मित्र हैं। मेष में सूर्य अपने उच्च अंश पर होते हैं, जिससे शुभ कार्यों के लिए सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
पर्व एवं त्योहारों की रहेगी धूम
पं. वीपी शुक्ला के मुताबिक 14 अप्रैल से 14 मई तक सूर्य के मेष राशि में परिभ्रमण के दौरान कई प्रमुख धार्मिक उत्सव मनाए जाएंगे।
अप्रैल- 15 को प्रदोष, 17 को वैशाखी अमावस्या, 19 को परशुराम जयंती, 20 को अक्षय तृतीया, 21 को शंकराचार्य जयंती, 22 को रामानुजन आचार्य जयंती, 23 को गंगा सप्तमी, 24 को बगलामुखी जयंती, 25 को सीता नवमी, 27 को मोहिनी एकादशी, 29 को प्रदोष व्रत और 30 को नरसिंह जयंती।
मई – 1 मई को वैशाखी पूर्णिमा, 3 को नारद जयंती, 5 को अंगारक संकष्टी चतुर्थी और 13 मई को अपरा एकादशी का व्रत रहेगा।
विवाह, गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त
विवाह के लिए अप्रैल में 20, 21 और 26 तारीख श्रेष्ठ है। मई में 5, 6, 7, 8 और 14 तारीख पर अच्छे मुहूर्त हैं, जबकि जून में 19, 20, 22, 23, 26, 27, 28, 29 और जुलाई में 1, 6, 7 तारीख को विवाह हो सकेंगे। गृह प्रवेश के लिए अप्रैल में 20, 24, 29 , जून में 24, 27 तारीख और जुलाई में 1, 8, 11 तारीख के मुहूर्त शुभ रहेंगे।
ज्ञोपवीत और मुंडन संस्कार
अप्रैल की 20 तारीख, मई में 3, 6, 7 और जून में 17, 19, 24 तारीख का चयन किया गया है। चौल कर्म यानी मुंडन संस्कार के लिए अप्रैल माह में 20, 21, 23, 24 तारीख, मई में 4, 9, 10, 14 और जून में 17 तारीख शुभ फल देने वाली रहेगी।









