लेनदेन में युवक की पीट-पीटकर हत्या आरोपी पति-पत्नी और बेटा फरार

आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश में जुटीं भैरवगढ़ पुलिस की टीमें

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भैरवगढ़ क्षेत्र के भदेड़ मोहल्ला में रविवार को उधार के रुपए के लेनदेन में एक शख्स की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी पति-पत्नी और बेटा मौके से फरार हो गए। भैरवगढ़ पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मृतक की पहचान राम पिता अशोक कुमावत (4०) निवासी अनंतनगर के रूप में हुई है जो एक शोरूम में गार्ड की नौकरी करता था। उसके भाई बंटी कुमावत ने भैरवगढ़ थाने में प्रकरण दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि राम ने अपने घर पर काम करने वाली प्रेमलता के पति रामेश्वर मालवीय को करीब 60 हजार रुपए उधार दिए थे। इन्हीं रुपए की मांग करने के लिए राम कुमावत सुबह करीब 10 बजे रामेश्वर के घर गया था।
जहां पर प्रेमलता, उसके पति रामेश्वर और बेटे दुर्गेश से कहासुनी होने पर तीनों ने मिलकर राम पर पाइप और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से वह गंभीर घायल हो गया। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो राम कुमावत घर के बाहर खून से लथपथ बेसुध पड़ा था जिसकी बाद में मौत हो गई। मामले में पुलिस पे्रमलता, रामेश्वर और दुर्गेश के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
वीडियो भी सामने आया
घटना का 47 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है जिसमें राम कुमावत खून से लथपथ पड़ा है और एक महिला पानी से उसका चेहरा धो रही है। आसपास काफी खून फैला है।
इनका कहना
फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं जिनकी धरपकड़ के लिए टीमें जुटी हुई हैं। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
शिवराम किरार
एसआई, थाना भैरवगढ़









