शहीद विक्की पहाड़े को गार्ड ऑफ ऑनर से अंतिम विदाई

जम्मू कश्मीर के पुंछ में आतंकी हमले में शहीद हुए एयरफोर्स के जवान विक्की पहाड़े का अंतिम संस्कार छिंदवाड़ा के पातालेश्वर मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्नि शहीद के 5 साल के बेटे हार्दिक ने दी। इससे पहले, एयरफोर्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

सेना के हेलिकॉप्टर से उनका पार्थिव शरीर नागपुर से सुबह 10.30 बजे इमलीखेड़ा हवाई पट्टी (छिंदवाड़ा) लाया गया। गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद विशेष वाहन से पार्थिव शरीर को परासिया रोड से उनके गृह ग्राम नोरिया करबल ले जाया गया। नोरिया करबल से अंतिम यात्रा पातालेश्वर मोक्षधाम पहुंची। यहां रिश्तेदार ने बेटे को गोद में लेकर विधि-विधान से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।
इससे पहले छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनकी मां दुलारी से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमें अपने बहादुर जवान और सेना पर गर्व है। जिन्होंने यह कायराना हरकत की, उन्हें कीमत चुकाना पड़ेगी।’









