कंठाल चौराहा-छत्री चौक मार्ग तैयार, अब फाइनल टचिंग बाकी

पेवर ब्लॉक एवं कोबल स्टोन का कार्य आज होगा पूरा, टी-20 मैच खेल रहा नगरनिगम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आईएएस अभिलाष मिश्रा की कप्तानी में नगर निगम उज्जैन की टीम चौड़ीकरण काम में टी-20 मैच खेल रही है। सावन की पहली सवारी पर रामघाट-कमरीमार्ग का काम पूरा करने के बाद अब टीम ने राजसी सवारी का कंठालचौराहा-छत्रीचौक मार्ग भी पूरा कर लिया है। नाली, सड़क के काम पूरे हो गए हैं। चौराहों पर पेवर ब्लॉक और कोबल स्टोन लगाने का काम अंतिम दौर में है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो दावा है कि गुरुवार को यह काम भी फिनिश हो जाएगा।
संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह के मार्गदर्शन में उज्जैन पहली बार नगरनिगम के काम समय पर पूरा होता देख रहा है। अमूमन निगम लेटलतीफी के लिए बदनाम रहा है। सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के क्रम में शहर में प्रमुख आंतरिक मार्गों का मास्टर प्लान की जरूरत के मुताबिक चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में सबसे बड़े चैलेंज के साथ नगरनिगम यह काम कर रहा है। स्मार्टसिटी, यूडीए, एमपीआरडीसी भी अपने-अपने इलाके में काम कर रहे हैं। पर अब तक के कामों में नगर निगम का काम टी-20 स्टाइल में चल रहा है। वह एक के बाद एक सड़कें तय डेडलाइन में खोलता जा रहा है। इसी कड़ी में कंठाल चौराहा- सती गेट और छत्री चौक तक 450 मीटर लंबी सड़क तैयार कर ली गई है।
सड़क की राह में थीं कईं मुश्किल
हा र्ट ऑफ सिटी कहलाने वाले इस इलाके की सड़क चौड़ी करना बहुत बड़ा चैलेंज था। इसकी वजह घनी बसाहट और प्रमुख व्यापारिक एरिया होना था। सस्ता मार्केट होने से बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदी के लिए आते हैं और उनकी वजह से दिनभर ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है। पहले तो चौड़ीकरण के विरोध का डर था, फिर लोगों ने सहयोग किया, अपने मकान तोड़े, मंदिर हटाएं और फिर काम ने गति पकड़ी। नाली, बिजली पोल लगाने के बाद सड़क निर्माण ने गति पकड़ी और अब यह लगभग 15 मीटर चौड़ी हो गई हैं।
हेरिटेज लुक में दिखेगा सतीगेट, दोनों ओर कोबल स्टोन
ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले सती गेट की रंगत भी बदली जा रहा है। इसे हेरिटेज लुक दिया जा रहा है। गेट के दोनो ओर 25-25 मीटर में कोबल स्टोन लगाया जा रहा है। इसके बाद यह क्षेत्र और सुंदर बन जाएगा।
पेवर ब्लॉक से संवर रहा कंठाल चौराहा
शहर की राजनीति के बड़े केंद्र रहे कंठाल चौराहा को पेवर ब्लॉक से व्यवस्थित किया जा रहा है। यहां अंडरग्राउंड बिजली लाइन रहेगी। इससे चौराहा तारों के जाल से मुक्त रहेगा।
आज काम होगा पूरा 5 तक फिनिशिंग
गुरुवार तक कोबल स्टोन एवं पेवर ब्लॉक लगाने के काम पूरे हो जाएंगे। शुक्रवार से फिनिशिंग, साफ-सफाई एवं अन्य शेष काम तेजी से किए जाएंगे। 5 सितंबर तक मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
कैसे मिली मंजिल
संभागायुक्त, कलेक्टर एवं निगमायुक्त की लगातार मॉनिटरिंग। खासकर निगमायुक्त को एक ही दिन में तीन बार मुआयना।
निगम इंजीनियर और अन्य अफसरों की टीम की मुस्तैदी। सिंहस्थ प्रभारी संतोष टैगोर का लगातार क्षेत्रीय लोगों से संपर्क।
निर्माण एजेंसी के इंजीनियर, कर्मचारी, श्रमिकों का योगदान। तीन-तीन शिफ्ट में इनकी अथक मेहनत।
राजसी सवारी मार्ग तैयार फाइनल फिनिशिंग बाकी
कंठालचौराहा-सतीगेट मार्ग तैयार हो गया है। फाइनल फिनिशिंग बाकी है। 5 सिंतबर तक यह पूरा हो जाएगा।
हिंमाशु तिवारी
ईई, निगम सिंहस्थ सेल









