15 दिन में ही गंदा हुआ कोठी रोड स्वीमिंग पूल का पानी, दो दिन के लिए किया बंद

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देने के लिए करीब 15 दिन पहले शुरू हुए नगरनिगम के कोठी रोड स्थित स्वीमिंग पूल में छपाक बंद हो गई है। पूल का पानी गंदा होने की शिकायत मिलने के बाद इसे बंद कर दिया गया है।
करीब चार साल बाद शुरू हुए स्वीमिंग पूल को दो पालियों में चलाया जा रहा है। सुबह और शाम की इन पालियों में बड़ी संख्या में लोग पूल का आनंद लेने पहुंच रहे हैँ। इसमें तैरने वाले तो है ही, तैराकी सीखने वालों की भीड़ भी है। पूल शुरू करते समय कहा गया था कि इसका पानी हमेशा साफ रहेगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
नीला दिखाई देना वाला पानी हरा हो गया और इसमें बदबू भी आने लगी। शनिवार की दूसरी पाली में जब शिकायत ज्यादा हुई तो पूल को बंद करने का फैसला किया गया। रविवार और सोमवार को पूल की सफाई होगी और मंगलवार सुबह इसे फिर से खोलने का दावा किया जा रहा है। इस संबंध में पूल के बाहर सूचना भी चस्पा कर दी गई है। इसमें मंगलवार सुबह ६ बजे से पूल के फिर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
पूल का पानी हरा होने से बदबू आ रही
स्वीमिंग पूल से शनिवार रात बाहर निकल रहे भावेश, सिद्धार्थ, समीर और काव्य ने बताया कि पूल का पानी हरा हो गया है। उसमें से बदबू आ रही है। इस संबंध में पूल और जोन ४ के प्रभारी जितेंद्रपालसिंह से चर्चा की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।









