मप्र में 20 आईएएस के तबादले, आगर कलेक्टर को हटाया

राजौरा बने प्रशासन अकादमी के डीजी, डॉ. खाड़े मुख्यमंत्री के सचिव, भास्कर इंदौर संभागायुक्त
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार आधी रात 20 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। अशोक बर्णवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने के 24 घंटे बाद हुई पहली बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में 6 कलेक्टर बदले गए हैं। आगर में प्रीति यादव को हटाकर डॉ. शेर सिंह मीना को कलेक्टर बनाया है। एसीएस डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि भास्कर लक्षकार नए इंदौर संभागायुक्त होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग एवं एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह विभाग अब तक प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह के पास था।
6 जिलों में नए कलेक्टर- शासन ने रतलाम में अजय कटेसरिया, शहडोल में मिशा सिंह, अनूपपुर में रत्नाकर झा, खरगोन में गुरु प्रसाद, मंदसौर में दिव्यांक सिंह और आगर-मालवा में डॉ. शेर सिंह मीना को कलेक्टर बनाया है। इसी आदेश में शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को अपर सचिव, लोक निर्माण विभाग भेजा गया है।
मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं, इसलिए वहां गुरु प्रसाद को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश के 55 जिलों में एक माह पहले तक 17 महिला कलेक्टर पदस्थ थीं। अब यह संख्या घटकर 15 रह गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं। वहीं मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव से कलेक्टरी लेकर उन्हें भोपाल पदस्थ किया गया है।









