पब में देर रात हुई तोड़फोड़,युवक-युवतियों और सेना के जवानों की बीच मारपीट

इंदौर के विजय नगर स्थित एक पब में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात यहां सेना के अफसर और कुछ युवकों के साथ आई युवतियों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन पब के बाहर ही खड़ी रही। इधर युवक और युवती एफआईआर दर्ज कराने देर रात थाने पहुंचे लेकिन एफआईआर नहीं दर्ज हो पाई।

मामला मिथ्या पब का बताया जा रहा है। युवती दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंची थी। यहां ट्रेनी सैन्य अफसर भी पार्टी कर रहे थे। इस दौरान युवती ने अभद्रता का आरोप लगाया तो युवती के साथ आए युवकों ने अफसर के साथ मारपीट कर दी।
कहासुनी के बाद विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। पब में अंदर तोड़फोड़ होने लगी। मौके पर पहुंची विजयनगर पुलिसकर्मियों को जब जानकारी लगी कि सेना के अफसरों के साथ विवाद हुआ है तो वह काफी देर तक पब के बाहर ही खड़े रहे।डीसीपी अभिषेक आनंद ने विजयनगर, लसूड़िया और खजराना के पब को रात 11 बजे बंद करने की हिदायत दी थी। लेकिन देर रात तक पब गुलजार रहते हैं।
एक सप्ताह पहले भी विजय नगर में ही एक युवक और कुछ युवतियों के बीच विवाद का वीडियो सामने आया था।कुछ साल पहले विजयनगर थाने में आर्मी अफसर के विवाद के बाद तोड़फोड़ हो चुकी है। यहां कई गाड़ियों से पहुंचे सेना के अफसरों ने थाने का घेराव कर जमकर तोड़फोड़ की थी। साथ ही प्रशिक्षु आईपीएस श्रीवास्वत के साथ अभद्रता भी की थी। कई पुलिसकर्मी घटना में घायल हुए थे। सेना के अफसर पुलिस की बंदूक भी छीनकर ले गए थे। जिसे सीनियर पुलिस अधिकारियों की मान मनुहार के बाद सेना के अफसरों ने लौटाया था।








