संजीवनी अस्पताल में देर रात महिला से नर्सिंग स्टाफ के मेल नर्स ने की छेड़छाड़

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किये सीसीटीवी फुटेज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। दशहरा मैदान क्षेत्र स्थित संजीवनी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती महिला के साथ देर रात नर्सिंग स्टाफ के मेल नर्स ने छेड़छाड़ की। महिला द्वारा शोर मचाने पर परिजनों ने हंगामा किया। माधव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मेल नर्स को गिरफ्तार कर मामले में केस दर्ज किया है। टीआई राकेश भारती ने बताया कि बडऩगर तहसील में रहने वाली 25 वर्षीय महिला को सीने में दर्द होने पर परिजन रात 12 बजे के करीब संजीवनी अस्पताल लेकर आये थे। यहां डॉक्टर्स ने महिला को आईसीयू में भर्ती कर दिया।

रात में यहां समीर नामक मेल नर्स पदस्थ था। रात करीब 2.45 बजे समीर आईसीयू वार्ड में पहुंचा और पर्दा हटाकर महिला से छेड़छाड़ की। महिला ने शोर मचाया तो अस्पताल स्टाफ व महिला के परिजन एकत्रित हो गये जिन्होंने डायल 100 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और समीर को हिरासत में लिया। महिला के बयानों के बाद समीर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इधर, बीमार महिला की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रैफर किया गया।
इनका कहना
सीसीटीवी फुटेज चैक किये जिसमें गड़बड़ी सामने आई है। कर्मचारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सहयोग किया जा रहा है। –डॉ. राजेन्द्र बंसल, डायरेक्टर








