कुलसचिव को दिखाया जूता दफ्तर के गेट पर मारी लातें

प्रदर्शन: विक्रम यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों का हंगामा, पीएम के बयान पर वैज्ञानिक परिचर्चा की कर रहे थे मांग
एक घंटे इंतजार के बाद भड़के, नेमप्लेट भी उखाड़ी
उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सोमवार की दोपहर जमकर हंगामा हुआ। पीएम के बयानों पर वैज्ञानिक चर्चा की मंाग को लेकर कुलसचिव के पास पहुंचे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का गुस्सा लंबे इंतजार के बाद भड़क गया। उन्होंने कुलसचिव दफ्तर के बाहर लगी नेमप्लेट उखाड़ दी और चैनल पर लातें भी मारी। दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ल के नेतृत्व में पहुुंचे विद्यार्थी अपने साथ नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे। वे हाल ही के दिनों में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए बयानों पर वैज्ञानिक परिचर्चा कराने की मांग कर रहे थे।
माधव भवन के मुख्य द्वार पर जमकर नारेबाजी
अपने साथ मांगों का ज्ञापन लेकर पहुंचे कार्यकर्ता यूं तो कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज को ज्ञापन देना चाहते थे लेकिन उनके भोपाल में होने से वे रजिस्ट्रार अनिल शर्मा को ज्ञापन देने वाले थे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैज्ञानिक बयानों पर परिचर्चा आयोजित कराने और उनके प्रयोगों को पाठयक्रम में शामिल करने का तंज कसा गया था। कार्यकर्ताओं ने माधव भवन के मुख्य द्वार पर जमकर नारेबाजी की। इसमें पीएम को लेकर आपत्तिजनक नारे भी लगाए। वह चाहते थे कि कुलसचिव अनिल शर्मा मुख्य द्वार पर ज्ञापन लेने आए, करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी जब कुलासचिव ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे तो कार्यकर्ता नाराज हो गए। वे माधव भवन में कुलसचिव के चैंबर तक चले गए। यहां जब कुलसचिव बाहर आए तो एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ल से उनकी बहस हो गई।
तीखी बहस के बाद मामला बिगड़ा एनएसयूआई जिलाध्यक्ष और रजिस्ट्रार के बीच तीखी बहस हुई और शुक्ल ने जूता निकालकर कुलसचिव को दिखाया और नारेबाजी शुरू कर दी। घटनाक्रम के बाद कुलसचिव अपने चैंबर में लौटे तो आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने चैनल गेट पर लातें मारी और उसे तोडऩे का प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने कक्ष के बाहर लगी नेमप्लेट भी उखाड़ दी। कार्यकर्ता अपने साथ कागज से तैयार दो मशीनें लेकर पहुंचे थे और उनका प्रदर्शन कर प्रैक्टिकल भी दिखाया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु शुक्ल ने बताया कि सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय अपने नवाचार के लिए ख्यात है।
प्रधानमंत्री जी आए दिन तकनीकी, रासायनिक नए-नए नवाचार की जानकारी अपने भाषण में देते हैं।इसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं होता है। एनएसयूआई उनके नवाचारों का वैज्ञानिक परीक्षण कराने की मांग को लेकर पहुंचा था। ज्ञापन नहीं लिया जा रहा था। इसके चलते विरोध किया था। इधर, इस संबंध में रजिस्ट्रार चर्चा के लिए उपलब्ध नहीं हुए। हालांकि कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने बताया कि वे यूनिवर्सिटी संबंधी कामों के चलते भोपाल में थे। उन्हें घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। फिर भी यूनिवर्सिटी और रजिस्ट्रार के साथ किया गया बर्ताव ठीक नहीं है। इस संबंध में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।









