सांसद को दिया मौका-मुआयने का ऑफर

यूनिटी मॉल के निर्माण पर रार : सांसद की शिकायत पर सीएम ने फोड़ा ‘लेटर बम’
सांसद अपनी बात पर अडिग, प्रदेश के बाहर की एजेंसी से जांच कराने का दिया हवाला
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। हरिफाटक बायपास रोड पर केंद्र सरकार की मदद से बन रहे देश के तीसरे यूनिट मॉल को लेकर उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया और यूडीए सीईओ संदीप सोनी आमने-सामने हो गए हैं। पांच दिन पहले यूनिट मॉल में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायत करने वाले सांसद को सीईओ ने ९ पेज का तकनीकी जवाब भेजा है। उन्होंने सांसद को ऑफर किया है कि वे मॉल का मुआयना करें, खुद देखें। उन्हें मौके पर तकनीकी जानकारी दी जाएगी और जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा। सांसद अपनी बात पर अडिग हैं और वह प्रदेश के बाहर की एजेंसी से जांच कराने का हवाला दे रहे हैं।
दरअसल, करीब 280 करोड़ की लागत से देश का तीसरा यूनिटी मॉल उज्जैन में बन रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात, यूपी और मध्यप्रदेश में पीएम मॉल स्वीकृत किए हैं। देशभर की एकता को प्रदर्शित करने के लिए इन्हें यूनिटी मॉल नाम दिया गया है। उज्जैन का चयन इसकी सांस्कृतिक पहचान और महाकाल की नगरी होने की वजह से किया है। मॉल का निर्माण अंतिम दौर में है और इसके निर्माण को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि मॉल के निर्माण में स्टैंडर्ड सामग्री का उपयोग नहीं हो रहा और तकनीकी मसलों का ख्याल भी नहीं रखा जा रहा है।
करीब पांच दिन पहले उन्होंने निर्माण के मसले पर केंंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को शिकायत की थी और जांच कराने की मांग की थी। सीईओ को भी उन्होंने पत्र लिखा था। यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने ९ पेज का जवाब सांसद को भेजा है। तकनीकी भाषा में तैयार पत्र में सामग्री की गुणवत्ता से लेकर हर टेस्टिंग तक का ब्योरा दिया गया है। सीईओ ने यह भी बताया है कि मॉल के निर्माण की जांच समय-समय पर तकनीकी टीमें कर रही हैं। थर्ड पार्टी भी मुआयना कर रही है। इसके निर्माण में उच्च क्वालिटी की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और एनएबीएल टीम जांच कर रही हैं।
यह भी बताया
– निर्माण सामग्रियों के अब तक 510 सैंपल लिए गए हैं। इनकी जांच तीनों संस्थाओं ने की है।
– साइट पर स्थापित लैब में अब तक 2500 टेस्ट किए गए हैं।
– कांक्रीट क्यूब के करीब 2300 सेट के परीक्षण किए गए हैं।
इन सबका रिकॉर्ड अपडेट रखा जा रहा है।
4- अल्ट्राटेक सीमेंट, सीकऐ एडमिक्सचर, टीके एलेवेटर की लिफ्ट, एस्केलेटर, डाइकिन का चिलर, सिटीजन का एएचयू, डाइकिन का एफसीयू, गलेस्टर का इलेक्ट्रिकल वायर और जाइलेम के पंप मॉल में लगाए गए हैं। सीईओ ने सांसद को मौका-मुआयना करने का ऑफर भी दिया है।
मैं अब भी अपनी बात पर अडिग
मैं यूनिट मॉल के खराब निर्माण की बात पर अडिग हूूं। इसकी जांच प्रदेश के बाहर की एजेंसी से होनी चाहिए। इस संबंध में केंद्र सरकार को शिकायत की है। जांच तो होकर रहेगी।
-अनिल फिरोजिया, सांसद









