स्पीड ब्रेकर पर उछली कार, लोडिंग वाहन को बचाने में बिजली के खंभे से टकराई

पार्टी से लौट रहे तीन व्यापारी और पूर्व सांसद के करीबी हुए घायल, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, समाजसेवी शैलेष कलवाडिय़ा ने पहुंचाया अस्पताल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। इंदौर रोड पर तपोभूमि चौराहे के पास स्पीड ब्रेकर से उछली कार लोडिंग वाहन को बचाने के चक्कर में बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में शहर के तीन व्यापारी और पूर्व सांसद के पीए घायल हो गए। इन्हें पीछे आ रहे समाजसेवी शैलेष कलवाडिय़ा ने अस्पताल पहुंचाया।
इंदौर रोड स्थित होटल पुखराज ने शनिवार रात पार्टी थी। इसमें शामिल होकर संजय सोमानी पिता पुरुषोत्तम सोमानी 60 वर्ष निवासी महाकाल वाणिज्य केंद्र, राजेंद्र शिंदे पिता दौलतराम शिंदे 65 वर्ष निवासी महाशक्ति नगर, लोकेश नेमा पिता शांतिलाल नेमा 62 वर्ष निवासी महाशक्ति नगर और महेश डागा कार क्रमांक एमपी 09 डीटी 2920 से लौट रहे थे।
कार महेश डागा चला रहे थे। तपोभूमि के समीप पेट्रोल पंप के पास बने स्पीड ब्रेकर पर कार स्पीड तेज होने से उछल गई। इसी दौरान सामने से लोडिंग वाहन आ गया जिसे बचाने के चक्कर में डागा ने कार घुमाई तो वह रोड से उतरकर बिजली के खंभे से टकरा गई। शुक्र रहा कि कार के एयरबैग खुल गए, हालांकि, हादसे में संजय सोमानी, राजेंद्र शिंदे और लोकेश नीमा घायल हो गए। सोमानी, नीमा और डागा व्यापारी, जबकि शिंदे पूर्व सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया के पीए रह चुके हैं।
हादसा देख रुके कलवाडिय़ा, 108 को दी सूचना
हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे समाजसेवी शैलेष कलवाडिय़ा रुक गए और उन्होंने 108 को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पहले जिला अस्पताल लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी निजी अस्पताल चले गए। लोकेश नीमा की हालत ज्यादा खराब बताई जा रही है।









